थाना पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान और नकदी बरामद की है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
सीओ कमलेश कुमार ने बताया कि थानाध्यक्ष ईश्वर सिंह तोमर ने पुलिस बल के साथ जीतू उर्फ जितेंद्र वीर उर्फ सत्तो, मुकेश निवासी नगला चूरा और दीपक निवासी दयाल नगला थाना इगलास को रविवार की तड़के 3:45 बजे थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में कुबूल किया है कि 10 अगस्त को गांव फतेहपुर निवासी सेवानिवृत शिक्षक गंगा प्रसाद से 79,500 रुपये से भरा थैला छीना था।
वहीं, 24 अगस्त को विक्रम सिंह निवासी गांव जैथोली के घर से चोरी की थी। यहां से घर में रखी अलमारी से 37,000 रुपये नकद, चांदी की पायल, सिक्के और चांदी की एक माला चोरी की थी। आरोपियों के पास से 98,000 रुपये नकद, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक ई-कांटा और घटना में प्रयुक्त बाइक को पुलिस ने बरामद किया है।
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जीतू शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ हाथरस और आगरा समेत विभिन्न थानों में पहले से ही सात रिपोर्ट दर्ज हैं। वहीं, मुकेश और दीपक के खिलाफ भी चोरी के कई मामले दर्ज बताए गए हैं। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।