करथला हुई फायरिंग के बाद कार में लगी गोली की जांच करती टीम। स्रोत : सोशल मीडिया
- फोटो : samvad
गांव करथला में बृहस्पतिवार रात गोंडा रोड पर दो पक्षों के बीच रंजिशन वर्चस्व को लेकर विवाद के बाद कई राउंड फायरिंग हो गई। घटना में गांव सरकोरिया निवासी मानवेंद्र को पेट गोली लगने से घायल हो गया। उसे सीएचसी से जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। फायरिंग के दौरान एक राहगीर की कार में भी गोली लगी है।
ग्रामीणों ने बताया है कि रात करीब 11:30 बजे दोनों पक्ष अलग-अलग वाहनों से गांव के सामने गोंडा रोड पर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों में विवाद बढ़ गया और फायरिंग शुरू हो गई। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए तथा वाहनों में लगी गोली के निशानों की जांच की। स्थानीय लोगों ने बताया है कि करथला में दोनों पक्षों के बीच पिछले दो-तीन वर्षों से वर्चस्व को लेकर रंजिश चली आ रही है। इससे पहले भी दोनों पक्षों की ओर से मारपीट और फायरिंग के मामले दर्ज हो चुके हैं।
सीओ कमलेश कुमार ने बताया कि फायरिंग की सूचना पुलिस को जशवीर ने दी थी। मनीष, तुलसी व अन्य ने फायरिंग की है। जिसमें यशवीर के भांजे मानवेंद्र को गोली लगी है। तहरीर प्राप्त की जा रही है। थानाध्यक्ष ईश्वर सिंह तोमर द्वारा जांच की जा रही है।
पुरानी रंजिश में कई बार हो चुका है विवाद
करथला में दोनों पक्षों के बीच वर्चस्व को लेकर लंबे समय से तनातनी बनी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच कई बार मारपीट और फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। पूर्व में भी एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। पुलिस अब ताजा घटना के पीछे की वजह और फायरिंग में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।