हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक व ऑटो। संवाद
- फोटो : samvad
अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर शनिवार सुबह करवन नदी के समीप ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों गोवर्धन की परिक्रमा लगाकर घर लौट रहे थे।
थाना पुलिस ने बताया है कि जवां के कासिमपुर पावर हाउस ट्रक गेट कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय हर्ष अग्रवाल पुत्र राजेश अग्रवाल तथा नई कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय कपिल सिंह पुत्र मांगेलाल शुक्रवार रात बाइक से गोवर्धन परिक्रमा के लिए गए थे। शनिवार की सुबह परिक्रमा पूरी कर दोनों दोस्त घर लौट रहे थे। इगलास कस्बे के निकट अलीगढ़-मथुरा मार्ग स्थित करवन नदी के पास उनकी बाइक में लोडिंग ऑटो ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों दोस्त सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीओ संजीव तोमर ने बताया कि हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने ऑटो कब्जे में लेकर शवों का पोस्टमार्टम कराया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।