यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत सुबह की पाली में आयोजित हाईस्कूल की गणित की परीक्षा में एक अलीगढ़ शहर से तो दो अन्य गाजियाबाद के परीक्षा दे रहे फर्जी छात्र पकड़ लिए गए। इन तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। केंद्र व्यवस्थापकों ने मुकदमा भी दर्ज करा दिया है। पुलिस के मुताबिक सुबह तीनों को जेल भेज दिया जाएगा। छर्रा क्षेत्र के रामश्री श्रीराम इंटर कॉलेज में केंद्र व्यवस्थापक गंगा सहाय ने उपजिलाधिकारी अतरौली शिव कुमार के साथ कक्षों में निरीक्षण कर रहे थे।
इस दौरान अनुक्रमांक 0287313 सोनू तोमर पुत्र राकेश तोमर निवासी पिलखुआ स्कूल एसडीएस हाईस्कूल सिंधौली खुर्द के स्थान पर गोपाल सिंह तोमर पुत्र महेंद्र सिंह निवासी अतरौली जनपद गाजियाबाद को परीक्षा देते हुए पकड़ लिया गया।
गोपाल बीए का छात्र है। दूसरे कक्ष में अनुक्रमांक 0287300 मोनू तोमर पुत्र संताल सिंह एसडीएस हाईस्कूल सिंधौली खुर्द के स्थान पर विकास तोमर पुत्र आनंद तोमर निवासी धतेरी थाना पिलखुआ गाजियाबाद को परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। विकास बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र। दोनों को पकड़कर केंद्र व्यवस्थापक ने पुलिस के सुपुर्द किया।
कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि केन्द्र व्यवस्थापक गंगा सहाय की तहरीर पर परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सुबह इन्हें जेल भेज दिया जाएगा। इसी के साथ अतरौली क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित कृष्णा पार्वती स्कूल के कमरा नंबर 17 में तेजपाल पुत्र कुंवरपाल के स्थान पर शकील पुत्र जमील खां निवासी मौलाना आजाद नगर अलीगढ़ परीक्षा दे रहा था। आंतरिक सचल दल ने पुलिस के हवाले कर दिया। रायपुर स्टेशन चौकी प्रभारी रोहित देव राठी ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक सतेंद्र कुमार वर्मा की तहरीर पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
लगातार ऑफलाइन आ रहे विद्यालयों को भेजा जाएगा नोटिस
जिले में लगातार आफलाइन आ रहे परीक्षाकेंद्रों को नोटिस भेजा जाएगा। इसी के साथ कई परीक्षाकेंद्रों ऐसे भी हैं, जो कभी आनलाइन तो कभी आफलाइन होते रहते हैं। इस संबंध में सीसीटीवी मुख्यालय कंट्रोल रूम नोडल अधिकारी एसीएम प्रथम रंजीत सिंह ने अधीनस्थों को सूची बनाकर नोटिस भिजवाने के निर्देश दिए हैं। वहीं एक प्रकरण में परीक्षाकेंद्र मुख्यालय कंट्रोल रूम से आउट भी हो गए हैं। तकनीकी कार्य देख रहे शिक्षकों से इनकी लिस्ट बनवाने और इनको या तो परीक्षा केंद्र से जुड़वाने या पूरा सिस्टम ही बदलवाने के लिए अधीनस्थों को निर्देश दिए। जबकि बामोती में परीक्षार्थियों के आपस में बात करने पर एसीएम प्रथम ने वीडियो फुटेज तलब कर लिए हैं।
बता दें कि 1201 किरनदेवी राजकीय इंटर कालेज बामोती में परीक्षार्थी आपस में बात कर रहे थे। एसीएम प्रथम ने इस विद्यालय के कैमरा नंबर सात की रिकार्डिंग मंगाने के निर्देश दिए हैं। 1239 डीआरजी इंटर कालेज धनीपुर कुराना, 1065 विक्रम सेवा सदन इटर कालेज पिसावा, 1072 कल्याण इंटर कालेज वीरपुरा, 1629 सर्वोदय हाईस्कूल पलसेड़ा, 1534 नवज्योदी उमावि अंडला, 1098 सरोज सिंह राजकीय इंटर कालेज गोरई, 1077 लगसमा इंटर कालेज गोंडा परीक्षा शुरू होने के बाद भी ऑफलाइन रहे। एसीएम प्रथम ने इन्हें फोन कर आनलाइन कराया। 1634 एचएस इंटर कालेज चैंदियाना रामपुर में परीक्षा वाले कमरे आफलाइन थे, जबकि जिन कैमरों की जरूरत नहीं थी। वह आनलाइन थे। 1232 पंडित खूबीराम उमावि तेवथू कैमरा आनलाइन था, लेकिन वीडियो फुटेज नहीं दिख रहे थे। 1279 पंडित लोकमणि शर्मा इंटर कालेज बाजिदपुर के कक्षों में अंधेरा था और केंद्र व्यवस्थापक ने फोन नहीं उठा। 1576 सरस्वती विद्या मंदिर उमावि पालीमार्ग के कैमरे भी अंधेरे में थे। 1168 भगवती देवी इंटर कालेज मानपुर खैर में बच्चे पास-पास बैठे थे। 1141 शिदान सिंह इंटर कालेज इगलास लगातार ऑफलाइन आ रहा है। 1200 राजकीय कन्या इंटर कालेज दौरऊ मोड़ ऑफलाइन था। 1236 डीएसके उमावि नगला राज खां एसीएम प्रथम के फोन करने पर आनलाइन हुआ। 1517 बद्री प्रसाद उमावि समैना ततारपुर ऑफलाइन होने पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए गए। 1630 राधारमण इंटर कालेज महतोली निर्मल अतरौली भी फोन के बाद आनलाइन हुआ।