न्यूज डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एमएयू) के छात्रसंघ अध्यक्ष सलमान इम्तियाज ने कहा है कि मोदी सरकार सर्जिकल स्ट्राइक करने के बजाय पाकिस्तान पर हमला करे।
शनिवार को एएमयू के सुलेमान हॉल के सदर हाउस में सलमान ने पत्रकारों से कहा कि सत्ता में आने से पहले नरेंद्र मोदी ने कहा था कि एक भारतीय फौजी के सिर के बदले 10 पाकिस्तानी फौजी के सिर लाएंगे। अब क्या मोदी सरकार 42 सिर के बदले 420 पाकिस्तानी फौजी के सिर लाएंगे।
उन्होंने कहा कि अगर मोदी सरकार पाकिस्तान पर हमला करने में नाकाम रहती है तो जल्द ही यूनिवर्सिटी के छात्र प्रधानमंत्री हाउस का घेराव करेंगे। मोदी सरकार का नारा है ‘सबका साथ सबका विकास’, लेकिन अब यह नारा ‘एक साथ सबका विनाश’ हो गया है।
उन्होंने कहा कि पुलवामा में शहीद सैनिकों की विधवाओं को उसी तरह से अच्छी और बेहतर नौकरी दी जाए, जैसे लखनऊ में एप्पल के मैनेजर विवेक तिवारी की विधवा को दी गई थी।
उन्होंने कहा कि पुलवामा में शहीद सैनिकों के बच्चे अगर मुस्लिम यूनिवर्सिटी में पढ़ने आते हैं तो इनकी पढ़ाई का खर्च छात्र संघ उठाएगा। देश की आन-बान-शान को लेकर टिप्पणी करने वाले को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।