विधिपुर के निकट हुए हादसे में मैजिक के नीचे फंसी बाइक। संवाद
- फोटो : Samvad
सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव विधिपुर में बंबा के निकट बुधवार को मथुरा की ओर जा रहे मैजिक टेंपो ने बाइक सवार दो बुजुर्गों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, गांव छोटा सूमरा निवासी खेमचंद्र पुत्र चंदन सिंह (72) और खेम सिंह पुत्र डोरीलाल (60) बाइक से मथुरा आंखों की दवा लेने गए थे। खेमचंद्र का आंखों का उपचार चल रहा था। दवा लेने के बाद दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव विधिपुर में बंबा के निकट केला देवी कोल्ड के पास पहुंचे, तभी मथुरा की ओर जा रहे मैजिक टेंपो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। सूचना पर सीओ जेएन अस्थाना भी पुलिस फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। संवाद