रोडवेज त्योहारी सीजन पर यात्रियों को सुरक्षित सफर कराने के लिए तमाम जतन कर रहा है। इसी क्रम में अब क्षेत्रीय प्रबंधक परवेज खान ने शासन के एक पुराने आदेश के तहत चार सौ किलो मीटर से अधिक की यात्रा पर जाने वाली बसों में दो चालकों की तैनाती के नियम को अनिवार्य कर दिया है। उन्होंने इस संबंध में मंडल के सभी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को आदेश जारी किया है।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि चार सौ किमी से अधिक की यात्रा पर जाने वाली बसों पर दो चालकों की तैनाती का नियम पहले से ही है। इसके बाद भी काई बार शिकायत मिल चुकी हैं कि क्षेत्रीय प्रबंधकों के स्तर से एक ही चालक को रवाना कर दिया जा रहा है। इतनी लंबी यात्रा के दौरान चालक को थकान हो जाती है, जिससे बस चलाते समय नींद आने से हादसे की संभावना बनी रहती है। हादसों पर लगाम लगाने और सुरक्षित सफर मुहैया कराने के लिए यह फरमान जारी किया गया है। किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने की हिदायत भी दी गई है।