जिले में डेंगू के दो और मरीज मिले हैं। अब तक जिले में डेंगू के 220 मरीज मिल चुके हैं। जिला मलेरिया नियंत्रण अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि सीएचसी अतरौली के गांव गहतौली निर्मल, शहर के बन्नादेवी थाने के अंतर्गत आने वाली सुरक्षा विहार कॉलोनी में एक-एक डेंगू का मरीज मिला है।
उन्होंने बताया कि जहां-जहां डेंगू के मरीज मिले हैं, उनके घर के आसपास मच्छर मारने वाले रसायन का छिड़काव कराया गया। वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक जितेंद्र कुमार वार्ष्णेय, गिर्राज, हरिओम आदि ने घरों के आसपास जमे पानी में लार्वा की जांच की।
इधर, जिला अस्पताल और पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में बुखार, सर्दी, खांसी के मरीज पहुंचे। इनमें ज्यादातर मरीजों ने प्रदूषण के कारण सांस फूलने की समस्या भी बताई। जिला अस्पताल की ओपीडी में 1000 मरीज और पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल की ओपीडी में 900 मरीज पहुंचे। इनमें से अधिकांश बुखार, सर्दी, खांसी से पीड़ित थे।
कई मरीजों की सांस फूलने से हालत खराब थी। मरीजों के तीमारदारों ने बताया कि प्रदूषण की वजह उन्हें सांस लेने में काफी दिक्कतें हो रही थीं। हाथरस से आए 62 वर्षीय दौलतराम की भी सांस उखड़ने की वजह से काफी दिक्कतें हो रही थीं। परिजनों ने उन्हें डॉक्टर को दिखाया।