अकराबाद थाना क्षेत्र के गांव टुआमई में ईद के दिन ग्राम पंचायत की जमीन को लेकर दो समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। जहां एक समुदाय के कुछ लोगों ने मंदिर के सामने खाली पड़ी जमीन पर कब्र बनाने का प्रयास किया। वहीं मंदिर के सामने कब्र बनती देख दूसरे समुदाय के लोग भड़क गए और उन्होंने वहां हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घटना की जानकारी कर मामला शांत कराया।
गांव टुआमई में एक वर्षों पुराने पीपल के पेड़ के नीचे चामड़ माता का थान बना हुआ है। जिसके सामने ग्राम पंचायत की कुछ खाली जगह पड़ी हुई है। जिस पर गांव के ही एक दूसरे समुदाय विशेष के कुछ लोग सोमवार को ईद की नमाज अदा करने के बाद उक्त जगह पर पहुंच गए और वहां मिट्टी खोद कर कब्रें बनाने लगे। मंदिर के सामने कब्र बनती देख हिंदू समाज के लोग उत्तेजित होकर कब्र बनाने का विरोध करने लगे।
इसी को लेकर दोनों समुदाय के लोग हंगामा करते हुए में आमने सामने आ गए। ग्राम प्रधान द्वारा मिली सूचना पर एसओ डॉ. विनोद सिंह मय पुलिस बल के मौके पर पहुंच गए। जहां पुलिस को आता देख कब्र बना रहे लोग वहा से भाग गए। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मंदिर के सामने खाली पड़ी जगह मंदिर पर होने वाले धार्मिक आयोजन के लिए छोड़ रखी है। समुदाय विशेष के लोग सोमवार को उक्त जगह पर आकर गड्डा खोदकर कब्र बनाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने दोनो समुदाय के लोगों को समझाबुझाकर फिलहाल मामला शांत कर दिया है।
उक्त जमीन ग्राम पंचायत की है। इस जगह से किसी को कोई मतलब नही है। इस तरह की घटनाओं से माहौल खराब होता है। ग्राम पंचायत की जगह सरकारी होती है, अगर यहां किसी ने कब्जा करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही कराई जाएगी। - आनंद यादव, ग्राम प्रधान