अलीगढ़ जिले के थाना हरदुआगंज क्षेत्र के बरोठा गांव में बाइक टकराने को लेकर दो समुदाय आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चल और पथराव हुआ। विवाद में करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए, घायलों को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भारी तादाद में पुलिस फोर्स के अलावा पीएसी गांव में पहुंच गई है। घटना का लाइव वीडियो कैमरे में कैद हो गया, पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। थाना हरदुआगंज इलाके के गांव बरोठा में करीब चार दिन पहले बाइक टकराने को लेकर कुछ युवकों के बीच वाद विवाद हो गया था।
जिसमें ग्रामीणों के दखल अंदाज करने पर मामला शांत करा दिया गया। लेकिन मंगलवार सुबह एक पक्ष का युवक कहीं से वापस अपने घर लौट रहा था। तभी उसे रोककर दूसरे पक्ष के लोग गाली गलौज करने लगे। इसकी जानकारी जब उसके अन्य साथी और परिवारजनों को हुई तो वह शिकायत लेकर मौके पर पहुंच गए।
जहां दोनों ही पक्षों में बात करते-करते विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों ही तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। इस दौरान गांव के ही किसी युवक ने छत से घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।