फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ः शहर में कोरोना से 14वीं मौत, एएमयू के ईसी मेंबर भी संक्रमित

Tue, 26 May 2020 02:54 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
विज्ञापन
खटीकान मोहल्ला में पसरा सन्नाटा - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन

कोरोना का संक्रमण लगातार जानलेवा बन रहा है। सोमवार को शहर के हॉटस्पॉट एरिया सासनी गेट के सराय मान सिंह में कोरोना संक्रमित एक महिला की मौत हो गई। महिला का जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था, जहां उसे मृत घोषित किया गया।

विज्ञापन


इधर, पूर्व एडी हेल्थ के पति व एएमयू प्रोफेसर व ईसी मेंबर को भी कोरोना पॉजिटिव घोषित किया गया है। इस खबर पर एएमयू प्रोफेसरों में हड़कंप मच गया है। फिलहाल, उनके घर के 400 मीटर एरिया को सील कर दिया गया है। इस तरह जिले में कोरोना से 14वीं मौत हो गई है, जबकि 129 संक्रमित अब तक सामने आए हैं।

सोमवार को जेएन मेडिकल कॉलेज से जारी सूचना के अनुसार, अलीगढ़ की पूर्व एडी हेल्थ के पति जेएन मेडिकल कॉलेज के एक विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर हैं। वह कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। वह एएमयू के एक हॉल के प्रोवोस्ट एवं एएमयू एग्जीक्यूटिव काउंसिल के सदस्य भी हैं।
विज्ञापन


प्रोफेसर के संक्रमित होने के बाद मेडिकल कॉलेज में खलबली मच गई है। प्रोफेसर की पत्नी, साथ रह रहे बेटी-दामाद व अन्य परिजनों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है और सभी सदस्यों के नमूने लिए जा रहे हैं। टेलीफोन एक्सचेंज स्थित घर के 400 मीटर के एरिया को सील कर सैनिटाइज किया जा रहा है।

इधर, सासनी गेट की 62 वर्षीय महिला मेडिकल कॉलेज में सोमवार सुबह मृत घोषित की गई है, वह 22 मई को पॉजिटिव आई थी और करीब एक सप्ताह पहले से उसका मेडिकल में इलाज चल रहा था। दोपहर में कोरोना प्रोटोकॉल के तहत उसके शव का नुमाइश मैदान स्थित श्मशान में अंतिम संस्कार कराया गया और परिवार को होम क्वारंटीन किया गया है।

जिले में आज 14वीं मौत कोरोना संक्रमण से हुई है। वहीं मेडिकल कॉलेज के एक प्रोफेसर संक्रमित घोषित हुए हैं। दोनों प्रकरणों में स्वास्थ्य विभाग को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
-चंद्रभूषण सिंह, डीएम
 

विज्ञापन

ग्लूकोज निर्यातक की दूसरी रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव

तालानगरी के मशहूर ग्लूकोज निर्यातक व हरदुआगंज के प्रमुख कारोबारी की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बता दें कि पिछले सप्ताह कारोबारी को बुखार की शिकायत पर परिवार वाले दिल्ली के अपोलो अस्पताल ले गए थे। वहीं, जांच में उन्हें कोरोना संक्रमित घोषित किया गया और परिवार की यहां सैंपलिंग हुई। हालांकि, परिवार व स्टाफ की सैंपलिंग में रिपोर्ट निगेटिव आई है। मगर तभी से कारोबारी दिल्ली में उपचार पा रहे हैं। सोमवार सुबह उनकी दूसरी रिपोर्ट भी आई है, जिसमें वह फिर से पॉजिटिव आए हैं। इस बात की पुष्टि साथ मौजूद उनके बेटे ने मोबाइल पर हुई बातचीत में करते हुए बताया कि वैसे स्वास्थ्य ठीक है। किसी तरह के लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं। मगर दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। जो चिंता का विषय है। इस खबर पर यहां परिवार में भी हड़कंप है।

दीनदयाल में अधेड़ की मौत, रिपोर्ट आई निगेटिव
सासनी गेट इलाके के एक अधेड़ उम्र व्यक्ति की रात तबियत बिगड़ने पर परिवार वालों ने उन्हें तत्काल दीनदयाल अस्पताल भर्ती कराया। जहां उनकी मौत हो गई। इस पर परिवार से लेकर स्वास्थ्य विभाग तक में हड़कंप मच गया। रात में ही सैंपलिंग कराई गई। मगर सुबह होते होते राहत तब महसूस हुई, जब उनकी रिपोर्ट कोरोना निगेटिव आई। इधर, स्वास्थ्य अधिकारियों ने उनकी मौत हार्ट अटैक से होना पुष्ट किया है। इस खबर पर परिवार व अधिकारियों ने राहत महसूस की है।

सराय मान सिंह में क्यों नहीं हो रही सैंपलिंग
सासनी गेट के सराय मान सिंह में सोमवार सुबह एक संक्रमित महिला की मौत के बाद बेशक परिवार के पांच सदस्यों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। मगर यहां के लोग डरे हुए हैं। इनका कहना है कि मोहल्ले में पहले भी पॉजिटिव केस आ चुके हैं। आज एक महिला की मौत हुई है। जिस महिला की मौत हुई, उसके परिजनों की लगातार मेडिकल में आवाजाही बनी हुई थी। वह तमाम लोगों के संपर्क में थे। अगर यहां लोगों की सैंपलिंग नहीं हुई तो यहां स्थिति और बिगड़ सकती है। इसे लेकर लोगों ने डीएम वार रूम पर शिकायत भी कर दी है।

कोरोना मीटर--
- 129 मरीज अब तक पाए गए जिले में
- 14 मरीजों की अब तक हो चुकी मौत (जयगंज की महिला आगरा में संक्रमित हुई थी, दिल्ली में मौत)
- 60 मरीज स्वस्थ होकर घर गए हैं
- 53 सक्रिय मरीज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें