खैर उपचुनाव में छठवें दिन दो प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरे। राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के प्रत्याशी भूपेंद्र कुमार धनगर ने अपना नामांकन दाखिल किया। आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी नितिन कुमार चोटिल ने पर्चा भरा।
खैर उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के छठवें दिन दो प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। भाजपा के घोषित प्रत्याशी के लिए पर्चा भी खरीदा गया।
विज्ञापन
अधिसूचना जारी होने के पांच दिन तक एक भी नामांकन नहीं हुआ था, केवल 21 पर्चे खरीदे गए। 24 अक्तूबर को छठवें दिन दो प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरे। राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के प्रत्याशी भूपेंद्र कुमार धनगर ने अपना नामांकन दाखिल किया। आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी नितिन कुमार चोटिल ने पर्चा भरा।
भाजपा प्रत्याशी के लिए खरीदा पर्चा
आज ही घोषित भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र दिलेर के लिए सत्येंद्र पाल सिंह ने नामांकन पत्र खरीदा। सुरेंद्र दिलेर कल 25 अक्तूबर को सुबह खैरेश्वर धाम पर भगवान महादेव के दर्शन करेंगे, उसके बाद पर्चा दाखिल करेंगे। नामांकन करने के बाद खैर विधानसभा का भ्रमण करेंगे। सुरेंद्र दिलेर हाथरस के सांसद रहे राजवीर सिंह दिलेर के पुत्र हैं। इनके बाबा किशनलाल दिलेर भी हाथरस के सांसद रहे। लोकसभा चुनाव के दौरान हाथरस सांसद राजवीर सिंह दिलेर का निधन हो गया था।
ऐसे खाली हुई थी खैर विधानसभा की सीट
खैर विधायक और यूपी सरकार में मंत्री अनूप प्रधान को हाथरस से भाजपा ने चुनाव लड़ाया और वह सांसद चुन गए। जिससे खैर विधानसभा सीट खाली हो गई और इस पर उपचुनाव कराया जा रहा है।