फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aligarh News: घायल पिलखना चेयरमैन पति से मिले सपा सांसद, पांच नामजदों में से भाजपा नेता के दो भाई दबोचे

Sat, 05 Jul 2025 11:17 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल से मुलाकात कर घटनाक्रम जाना। कहा कि वे मामले में उच्च स्तर पर बात करेंगे।
विज्ञापन
अस्पताल में घायल पूर्व चेयरमैन मोहम्मद आरिफ - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चुनावी रंजिश में पिलखना नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन व चेयरमैन पति सपा नेता गुलाम मुहीउद्दीन उर्फ मो. आरिफ पर हुए हमले में भाजपा नेता जीशान सहित पांच भाई नामजद किए गए हैं। पुलिस ने नामजद भाजपा नेता के दो भाई दबोच लिए हैं। 4 जुलाई को सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने भी एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल से मुलाकात कर घटनाक्रम जाना। कहा कि वे मामले में उच्च स्तर पर बात करेंगे। वहीं घायल सपा नेता की हालत में सुधार हो रहा है, वे अब खतरे से बाहर हैं।

विज्ञापन


ये घटनाक्रम 3 जुलाई दोपहर करीब 2 बजे का है। पिलखना चेयरमैन खायता मुकीम के पति वरिष्ठ सपा नेता 50 वर्षीय मो.आरिफ पैदल-पैदल कस्बे में दावत खाने जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ला बुली खेल चौक में पहुंचने पर उन पर अचानक हमला हुआ, इसमें उन्हें दो गोलियां लगीं। पुलिस जांच व खुद मो.आरिफ के अनुसार निकाय चुनाव की रंजिश व हाल ही में एक सड़क निर्माण से जुड़े विवाद में उन पर यह हमला हुआ। 

इस घटना का मुकदमा हमले के समय मो.आरिफ के साथ चल रहे रिश्ते के भाई मो.मुनीश ने दर्ज कराया है। जिसमें उनके सामने भाजपा से चेयरमैन का चुनाव लड़ी जमीला खातून के बेटे भाजपा नेता जीशान व उसके भाइयों जुनैद, जुबैर, हसन ग्यास, आमिर हसन को नामजद किया गया है। इधर, मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन मो.आरिफ से मिलने 4 जुलाई को सपा सांसद रामजीलाल सुमन भी पहुंचे। वहां उन्होंने घायल का हाल जानने के बाद आरोपियों पर कार्रवाई को लेकर कहा कि वे शीर्ष स्तर पर इसकी बात करेंगे।

जीशान भाजपा कार्यकर्ता हैं, उनकी मां पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ीं थीं। उनकी व्यक्तिगत रंजिश में ये घटना हुई है। इसमें पुलिस स्तर से जांच की जा रही है। घटना में उनकी भूमिका जांच के बाद तय होगी।-कृष्णपाल सिंह लाला, जिलाध्यक्ष भाजपा।

विज्ञापन
विज्ञापन

यह दो आरोपी दबोचे, स्वीकारा हमला

सीओ बरला गर्वित सिंह के अनुसार नामजदों में से दो हसन ग्यास व आमिर हसन को दबोच लिया गया है। पूछताछ में इन दोनों ने घटना के समय आरिफ को गोली मारना स्वीकारते हुए बताया कि दोनों ने एक-एक गोली मारी थी। एक का तमंचा वहीं रह गया था, जबकि दूसरे ने अपना तमंचा बरामद कराया है। वे घटना के बाद भागने के लिए क्षेत्र में ही छिपे हुए थे। शुक्रवार को बाहर भागने के इरादे से निकले, तभी दबोच लिए गए।

कनपटी पर था निशाना, फायर मिस हुआ
इस घटना के संबंध में दर्ज कराए गए मुकदमे में मुनीश ने कहा है कि यह हमला चुनावी रंजिश व दस दिन पहले सड़क निर्माण के विवाद में एलानिया किया गया। आरोपियों ने कस्बे में मो.आरिफ व उनके परिवार को खत्म करने का एलान किया था। उसी क्रम में बृहस्पतिवार को पांचों भाइयों ने घेरकर गोली मारी। पहली गोली मो.आरिफ की कनपटी पर सटाकर मारी गई थी। मगर गनीमत रही वह फायर मिस हो गया। अगर वह चल जाता तो घटना कुछ अलग होती। बाद में दो अन्य गोलियां लगने से वे घायल हो गए।

भाजपा नेता की भूमिका पर जांच, हमले में तीन आरोपी
दो आरोपियों के पकड़े जाने की पुष्टि करते हुए एसपी देहात अमृत जैन ने बताया कि अब तक की जांच में यह पाया गया है कि घटनास्थल पर तीन हमलावर थे। इनमें से दो पकड़े गए हैं, तीसरे की तलाश जारी है। जीशान सहित दो अन्य नामजदों की लोकेशन पर काम चल रहा है कि वे घटना के समय कहां पर थे। उनकी हमलावरों से कब से कितनी बार बातचीत हो रही थी। कॉल डिटेल व लोकेशन आदि से उनकी भूमिका तय होगी। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी नहीं पाया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें