अलीगढ़ के थाना सिविल लाइन पुलिस ने मीनाक्षी पुल पर बेकाबू कार तांडव दुर्घटना से संबंधित मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी थाना क्षेत्र सिविल लाइन से की गई। पुलिस को 7 नवंबर को मीनाक्षी पुल पर हुई एक दुर्घटना की तहरीर मिली थी। इसके आधार पर मामला पंजीकृत किया गया था। गिरफ्तार अभियुक्तों में रिटायर दरोगा गुरेश बाबू का बेटा अमित है। वह ग्राम नगला नथा, थाना मिरहची, जनपद एटा का निवासी है। दूसरा अभियुक्त प्रेमपाल सिंह पुत्र नत्थू सिंह है। वह रामघाट रोड स्थित जावेद गैस गोदाम, सर्वोदय नगर का रहने वाला है। उसका पता तालसपुर कलां, थाना क्वार्सी, जनपद अलीगढ़ है।
यह भी पढ़ें... अलीगढ़: मीनाक्षी पुल पर बेकाबू कार का तांडव, महिला पुल से नीचे गिरी, बेटी ने कूदकर बचाई जान
यह हुई थी दुर्घटना
छोटी दिपावली की रात अलीगढ़ के रामघाट रोड पर बेकाबू कार ने मीनाक्षी पुल पर तांडव मचा दिया। उल्टी दिशा में तेज गति से दौड़ रही कार ने एक के बाद एक तीन दोपहिया वाहनों को टक्कर मारी। इसमें से एक स्कूटी पर मां बेटी सवार थीं। अनियंत्रित कार सामने से आता देख स्कूटी चालक बेटी कूद गई जबकि उसकी मां पुल से नीचे जा गिरीं। इस घटना में पांच लोग घायल हुए जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद कार सवार युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, घायलों को उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया।