खेरेश्वर चौराहे पर शुक्रवार देर रात प्रॉपर्टी डीलर राहुल तोमर पर की गई फायरिंग और मारपीट की घटना का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य तीन की तलाश जारी है। पुलिस ने हमले में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की थार भी बरामद की है।
शुक्रवार रात केशोपुर जोफरी निवासी प्रॉपर्टी डीलर राहुल तोमर अपने दो साथियों के साथ बाइक से जा रहे थे। खेरेश्वर चौराहे के पास पीछे से आई थार उनकी बाइक से टकरा गई। कहासुनी के बाद मामला शांत हो गया, लेकिन थोड़ी दूरी पर नादा रोड की ओर बढ़ते ही थार सवार युवकों ने फिर से राहुल और उसके साथियों को रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने मारपीट करते हुए तीन राउंड फायरिंग की। छर्रे लगने से राहुल घायल हो गया, जिसे गोल्डन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
राहुल ने मामले में चार-पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने जांच की तो विनीत निवासी मजूपुर थाना खैर, अंकित निवासी ल्हौर्रा थाना लोधा, अभिजीत निवासी शिवधाम कॉलोनी, थाना रोरावर, आकाश निवासी उदयगढ़ी थाना खैर, मुकुल निवासी लक्ष्मणगढ़ी थाना खैर के नाम सामने आए। पुलिस ने मंगलवार को विनीत जाट व अंकित जाट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कोतवाल अंकित सिंह ने बताया कि मामले का खुलासा करने के लिए तीन टीमें लगाई गई थीं। दो आरोपियों को पकड़ा गया है। बाकी आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।