फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ रेलवे स्टेशन: तीन साल की बच्ची गायब, सीसीटीवी कैमरे में साथ ले जाते दिखे दंपती, तलाश में लगीं टीमें

Sun, 20 Jul 2025 11:59 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

बच्ची अपने पिता के साथ प्लेटफार्म पर सोई हुई थी। रात में जागने पर वह खेलते- खेलते स्टेशन पर मौजूद पहले से ही बैठे एक दंपती के पास पहुंच गई। थोड़ी देर तक बच्ची उनके साथ खेलती रही । उन्होंने उसे कुछ खाने-पीने को भी दिया। इसके बाद दंपती बच्ची को लेकर स्टेशन के बाहर चले गए।
विज्ञापन
बच्ची को गोद में ले जाता युवक, स्टेशन पर उससे पहले घूमती बच्ची - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ रेलवे जंक्शन स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या पांच से 19 जुलाई देर रात पिता के साथ सो रही तीन साल की बेटी का एक दंपती अपहरण कर ले गए। स्टेशन व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर बच्ची को दंपती अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिए हैं। बच्ची और दंपती की तलाश में जीआरपी और आरपीएफ की चार संयुक्त टीमें जुटी हुई हैं। देर रात तक बच्ची को लेकर बबराला तक जाने की पुष्टि हुई है। मामले में थाना जीआरपी में मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसपी रेलवे अभिषेक कुमार का दावा है कि पुलिस टीमें बच्ची व दंपती के बेहद करीब पहुंच गई है, जल्द ही बच्ची को सकुशल तलाश लिया जाएगा। 

विज्ञापन


शहर के थाना सासनीगेट क्षेत्र के पला रोड होली चाैक निवासी करन प्रकाश शनिवार देर रात घर से तीन साल की बेटी टीना को लेकर दिल्ली जाने के लिए घर से निकले थे। करन प्रकाश दिल्ली में मेहनत मजदूरी करते हैं। पत्नी व अन्य बच्चों को दिल्ली में छोड़कर अपनी रिश्तेदारी में घूमने आए थे। जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर ने बताया कि करन प्रकाश नशे की हालात में टिकट लेकर प्लेटफार्म संख्या पांच पर पहुंचा था। ट्रेन के इंतजार में बच्ची को पास में ही सुला कर खुद सो गया। इस बीच बच्ची जाग गई और खेलने लगी। खेलते हुए स्टेशन पर ही बैठे एक दंपती के पास पहुंच गई । जिन्होंने बच्ची को कुछ खाने को दिया तो वह उनके साथ घुल मिल गई। 

स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने से पता चल रहा है कि इसी बीच माैका देख दंपती बच्ची को गोद में लेकर स्टेशन से मालगोदाम साइड में लेकर चले गए। फिर गायब हो गए। देर रात करन प्रकाश की आंख खुली तो बच्ची को न पाकर उसके होश उड़ गए। पहले वह खुद बच्ची को स्टेशन पर इधर-उधर तलाश किया, फिर जीआरपी थाने पहुंचा और जानकारी दी। जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर ने बताया कि करन प्रकाश चूंकि नशे की हालत में था और पूछताछ में इधर-उधर की बातें कर रहा था। उन्होंने बताया कि बच्ची की तलाश में जीआरपी व आरपीएफ की चार संयुक्त टीमें अलीगढ़ के साथ ही बुलंदशहर, गाजियाबाद, बबराला, मुरादाबाद आदि स्थानों पर जांच पड़ताल करने में जुटी हुई हैं। मामले में बच्चे के पिता की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।   

विज्ञापन
विज्ञापन

खंगाले सीसीटीवी कैमरे, ट्रेनों में चलाया तलाशी अभियान

बच्ची के अपहरण की सूचना पर जीआरपी इंस्पेक्टर संदीप तोमर, आरपीएफ पोस्ट कमांडर अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीमों ने रेलवे स्टेशन व उसके आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा स्टेशन व दूसरे स्टेशनों पर बच्ची की तलाश में 10 से अधिक ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।  रेलवे स्टेशन, नगर निगम द्वारा शहर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, रोडवेज व प्राइवेट बस स्टैंड के अलावा संदिग्ध स्थानों पर बच्ची की तलाश की गई। बबराला में बच्ची के दंपती के साथ जाने की जानकारी पर टीम उन्हें तलाशने में जुटी हुई है।  

स्टेशन से पहले भी बच्चों का हो चुका है अपहरण 
रेलवे स्टेशन से 19 जून 2025 की रात में ईंट भट्टा मजदूर बिहार के जनपद गया के धर्मेंद्र मांझी, पत्नी सोना मांझी व दो साल की बेटी रूपा के साथ स्टेशन पर घर जाने के लिए पहुंचे थे। तभी बच्ची को एक युवक चोरी कर ले गया। हालांकि बच्ची को चंद घंटों में ही इटावा स्टेशन से बरामद कर युवक को गिरफ्तार कर लिया था। 22 अगस्त 2024 को रेलवे स्टेशन पर सो रहे दंपती के बेटे का अपहरण कर लिया गया था। बच्चे को पुलिस ने पांचवे दिन बरामद कर लिया। 

छह साल पहले भी एक बच्ची का अपहरण हो चुका है। जिसे पुलिस अब तक नहीं तलाश पाई है। दिव्यांग मालती पत्नी झम्मन लाल निवासी नया बांस, सुरीर, मथुरा अपनी तीन बेटियों और एक बेटे को लेकर पति के साथ दिल्ली के शाहदरा थाना क्षेत्र के मीत नगर में रहती है। पति ई-रिक्शा चलाकर परिवार को पालन-पोषण करता है। रक्षाबंधन पर मालती गंगीरी निवासी अपने भाई को राखी बांधने के आई थी। स्टेशन पर वापसी के दाैरान एक महिला उसकी एक साल की बेटी लक्ष्मी को खिलाने के बहाने लेकर गायब हो गई। पुलिस इस घटना में अब तक बच्ची को तलाश नहीं सकी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें