शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतना अर्बन एनवायरोटेक सर्विसेज प्रा. लि. और सुखमा संस प्रा. लि. को भारी पड़ा है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने निरीक्षण और प्राप्त शिकायतों के आधार पर दोनों ही एजेंसियों पर कुल 35 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
नगर आयुक्त के अनुसार अर्बन एनवायरोटेक सर्विसेज पर अलग-अलग मामलों में 30 लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। इसमें ओजोन सिटी ट्रांसफर स्टेशन कई दिनों तक बंद रहने, वैकल्पिक व्यवस्था नहीं करने और इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग बाधित होने पर 15 लाख रुपये का जुर्माना शामिल है।
इसी एजेंसी पर वार्ड-65 में नाले पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाने और अनुबंध की शर्तों की अनदेखी करने पर 10 लाख रुपये तथा डस्टबिन से नियमित कूड़ा नहीं उठाने और डस्टबिन में ब्लैक पॉलीथिन नहीं लगाने पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
वहीं, सुखमा संस प्रा. लि. पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। नगर आयुक्त को कठपुला से रेलवे स्टेशन मार्ग के निरीक्षण के दौरान व्यापक गंदगी और सफाई व्यवस्था में गंभीर लापरवाही मिली थी। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही या अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराए जाने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ अनुबंध निरस्तीकरण समेत और कठोर कार्रवाई की जाएगी।