इगलास में ईट भटठों पर जांच करती जीएसटी टीम
- फोटो : विभाग
जीएसटी रिटर्न दाखिल किए बिना कारोबार कर रहे ईंट भट्ठों के खिलाफ विभाग की एसआईबी टीम की जांच जारी है। इसी क्रम में 20 जुलाई को खैर, इगलास व अतरौली में आधा दर्जन से अधिक ईंट भट्ठों की जांच की गई, जिसमें इगलास में दो ईंट भट्ठों पर 1.10 करोड़ रुपये की ईंटें सील कर दी गईं। जांच पूरी होने तक इनकी बिक्री पर रोक लगाई है।
एडिशनल कमिश्नर ग्रेड एक डा. श्याम सुंदर तिवारी व एडिशनल कमिश्नर ग्रेड दो गुलाब चंद्र के निर्देश पर असिस्टेंट कमिश्नर शिव कुमार सिंह ने टीम के साथ अंकित ईंट उद्योग सतलोनी खुर्द इगलास पर जांच की। जहां 50 लाख की ईंट सील की गईं। जीडी ईंट उद्योग मई सुभाषग्राम पर 60 लाख रुपये की ईंट सील की गई। दोनों जगह पर जीएसटी रिर्टन का रिकार्ड नहीं मिला। इसके अलावा टीम ने खैर, अतरौली व इगलास में आधा दर्जन अन्य ईंट भट्ठों पर भी जांच की, वहां सब ठीक मिला। इन दोनों भट्ठों के स्वामियों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। जांच पूरी होने तक सील की गई ईंटों की बिक्री पर रोक लगाई गई है।
शाहजमाल में स्क्रैप ट्रेडर के यहां 65 टन माल सील
टीम ने एडीए कालोनी शाहजमाल में शेहरीज स्क्रैप ट्रेडर्स पर भी जांच की। यहां भी 65 टन अघोषित कच्चा माल जब्त कर सील किया गया है। इसके संबंध में स्वामी कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। यह भी नहीं बता पाया कि यह माल कहां से खरीदा गया है। बताया गया है कि पूर्व में स्क्रैप फर्मों की जांच में इस फर्म का नाम सामने आया था। जिसमें बोगस फर्मों से खरीद बिक्री का मामला मिला था। इस फर्म ने भी 50 लाख की आईटीसी का लाभ बोगस फर्म के जरिये लिया है। एसी एसआईबी शिव कुमार सिंह ने बताया कि इस तरह की जांच का क्रम जारी रहेगा।