जीटी रोड पर पनैठी के पास एक पखवाड़े पूर्व एटा के कपड़ा व्यापारी की कार पर फायरिंग कर घायल करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चंद्रवाल ने बताया है कि एटा जनपद के आगरा रोड निवासी कपड़ा व्यापारी अजय शर्मा अपने कर्मचारी अमन के साथ 20 नवंबर की रात कार से दिल्ली से एटा लौट रहे थे। इसी बीच एक अन्य कार सवार अज्ञात लोगों ने रात करीब 11:30 बजे पनैठी के पास व्यापारी की कार पर फायरिंग कर दी, जिसमें अजय शर्मा गोली लगने से घायल हो गए थे। पीड़ित ने कार के नंबर के साथ अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि तभी से थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। बृहस्पतिवार रात पुलिस ने नानऊ नहर की पटरी से कार सवार दो संदिग्ध लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम विकास मोहरना गभाना और हरिप्रताप सिंह उर्फ रिंकू दीनदयालपुर हरदुआगंज बताए। आरोपियों ने ओवरटेक को लेकर गुस्से में फायरिंग कर व्यापारी को घायल करने की बात को कुबूल किया। पुलिस ने आरोपियों से एक कार व दो चाकू बरामद कर संबंधित धाराओं में दोनों आरोपियों को शुक्रवार को जेल भेज दिया है।