झारखंड से लोहे की सरिया लादकर गाजियाबाद ले जा रहे 10 टायर वाले ट्रक के चालक ने लालच में आकर स्वयं ही ट्रक को माल सहित गायब कर दिया और यह शोर मचा दिया के बदमाश उससे माल सहित ट्रक लूटकर ले गए हैं। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया। झूठी सूचना देने पर ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसपी ग्रामीण शुभम पटेल के मुताबिक जिला मैनपुरी के थाना कुरावली के गांव कमालपुर निवासी ज्ञान सिंह 10 टायर वाला ट्रक चलाता है। यह ट्रक उसका स्वयं का है। ज्ञान सिंह पिछले 18 नवंबर को झारखंड से अपने ट्रक में 40 टन लोहे की सरिया लाद कर गाजियाबाद ले जा रहा था। रास्ते में ज्ञान सिंह के मन में लालच आ गया। उसने सोचा कि वह ट्रक को माल सहित लूटने की बात प्रचारित कर दे तो इसके बाद माल को कहीं बेच देगा। ज्ञान सिंह ने पुलिस को बताया कि वह माल लादकर गाजियाबाद की ओर जा रहा था। अकराबाद में पनेठी के पास रास्ते में उसे 3 सवारियां मिलीं। यह सवारियां बदमाश थीं। इन्होंने उसे नशीला पदार्थ सुंघा कर बेहोश कर दिया और ट्रक को माल सहित लूट लिया।
ज्ञान सिंह ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने ट्रक लूटकर उसे लोधा क्षेत्र के गांव जतनपुर के पास हाईवे पर फेंक दिया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि ज्ञान सिंह की बताई गई बात पर पुलिस को कुछ शक हुआ। इसके बाद ज्ञान सिंह का मोबाइल फोन सर्विलांस पर पर लगाया गया, जिसके बाद पूरा मामला खुल गया। उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो माल सहित ट्रक बरामद करवा दिया। ट्रक को मैनपुरी के किशनी से बरामद किया गया है। झूठी सूचना देने पर ज्ञान सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।