सोमवार की शाम करीब साढ़े चार बजे अलीगढ़ से संभल जा रही निजी बस को कासिमपुर मोड़ के पास राशन भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे बस सवार करीब बारह यात्री घायल हो गए। हादसा होते ही बस में मौजूद यात्रियों में चीखपुकार मच गई। सूचना पर राजकीय होम्योपैथिक कॉलेज छेरत के चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों के पट्टी बांधी और दवाएं दी। बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह के पौत्र विजय कुमार सिंह पप्पू भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों से हादसे की जानकारी ली।
बताते हैं कि अलीगढ़ से संभल रूट पर चलने वाली निजी बस जैसे ही कासिमपुर मोड़ पर पहुंची तभी कासिमपुर एफसीआई गोदाम से राशन लेकर जा रहे ट्रक ने साइड से बस में टक्कर मार दी। हादसा होते ही चीखपुकार मची तो राहगीर दौड़कर बस के पास पहुंचे।
हादसे में नीतू निवासी डिबाई, विमलेश निवासी भोपतपुर का नगला, राहुल निवासी डिबाई, रामश्री निवासी नवीपुर खेड़िया बेलौन, दया देवी निवासी शिकारपुर, सुषमा निवासी शिकारपुर, कुंवरपाल निवासी तालेपुर, नंद किशोर निवासी भोपतपुर का नगला जनपद बुलंदशहर समेत करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए।
राजकीय होम्योपैथिक कॉलेज छेरत के डॉ. योगेंद्र सिंह माहौर के साथ पहुंची चिकित्सीय टीम ने घायलों का इलाज किया। विधायक ठाकुर दलवीर सिंह के पौत्र विजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू, जवां मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश भारद्वाज उर्फ लालू पंडित, बजरंग दल जिला सह सुरक्षा प्रमुख ठाकुर अजय भी मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के बाद उनके घर भिजवाया।