पत्रकारों से वार्ता करते भाजयुमो के जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह व अन्य पदाधिकारी।
- फोटो : Amar Ujala
भाजपा युवा मोर्चा द्वारा 26 जनवरी को घंटा घर से तिरंगा यात्रा का एलान किया है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता एएमयू की ओर भी जा सकते हैं। इसकी सूचना मिलने के बाद एएमयू प्रॉक्टोरियल टीम चौकन्ना हो गई है।
भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह, उपाध्यक्ष गौरव चौहान, अवध बघेल आदि ने पत्रकारों को बताया कि गणतंत्र दिवस के दिन दोपहर 12 बजे से घंटा घर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसमें सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यकर्ताओं को जीआईसी में बुलाया गया है। मोर्चा नेताओं ने कहा कि तिरंगा यात्रा का मार्ग अभी तय नहीं है और न ही उन्होंने जिला प्रशासन से अनुमति ली है। मुकेश सिंह का कहना है कि गणतंत्र दिवस के दिन तिरंगा यात्रा के लिए अनुमति लेना जरूरी नहीं समझता। एएमयू की ओर जाने के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं पर निर्भर है कि वह कहां जाना चाहते है। एएमयू क्या, कही भी जा सकते हैं।
एएमयू देश से बाहर नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की मानसिकता खराब है, इसलिए तिरंगा यात्रा का विरोध करते हैं। तिरंगा भारत की शान है। यह यात्रा शहीदों के सम्मान में है। इस यात्रा के माध्यम से देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों का स्मरण कराएंगे। मोर्चा नेताओं ने कहा कि पूरे जिले में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर सुमित माहेश्वरी, अमित गुप्ता, संदीप सिंह, मनोज सिंह, पूजा शर्मा, प्रतीक चौहान, सूर्या सिंह, सौरभ चौधरी आदि मौजूद थे। इसकी भनक मिलने के बाद एएमयू में प्रॉक्टोरियल टीम चौकन्ना हो गई है।