अलीगढ़ जनपद मुख्यालय, तहसील, ब्लॉक, नगर निकायों में सरकारी और गैर सरकारी इमारतों पर प्रातः 10:15 बजे ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान होगा। प्रदेश के शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर पर राष्ट्रध्वज फहराएंगे। ऑडिटोरियम में राजधानी दिल्ली एवं लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा।
सुबह छह बजे से होंगे ये कार्यक्रम
डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने जिला समारोह समिति द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के बारे में बताया कि सुबह छह बजे से पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम द्वारा रामधुन राष्ट्रीय गीत एवं देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। घंटाघर डीएम आवास से क्रॉस कंट्री रेस शुरू होगी जिसका अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम, रामघाट रोड पर समापन होगा। शहर के प्रमुख चौराहों, शहीद स्थल, पार्क एवं सार्वजनिक स्थानों पर शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, राजस्व राज्यमंत्री अनूप बाल्मीकि, सांसद अलीगढ़ सतीश गौतम, एटा राजवीर सिंह राजू भैया, हाथरस राजवीर दिलेर समेत सभी विधायक, पूर्व विधायक, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि आदि तिरंगा फहराने के साथ ही शहीद, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे।
निकाली जाएगी सद्भावना यात्रा
सुबह सात बजे जीटी रोड रामलीला मैदान से सद्भावना यात्रा निकाली जाएगी जो छर्रा अड्डा पुल के नीचे से बेला मार्ग विष्णुपुरी, सुदामापुरी, रामघाट रोड, गांधी आई हॉस्पिटल, क्वार्सी चुंगी, बेगपुर रोड, दोदपुर चौराहा, मेडिकल रोड, अमीर निशा, अब्दुल्ला कॉलेज, मैरिज रोड, सेंटर प्वाइंट, रेलवे स्टेशन, कठपुला, माल गोदाम, कंपनी बाग, आगरा रोड, आगरा अड्डा, सासनीगेट चौराहा, जयगंज, फूल चौराहा, ऊपरकोट, देहली गेट चौराहा, कनवरीगंज, चौराहा सब्जी मंडी, रेलवे रोड, मीरूमल चौराहा, पत्थर बाजार, बाराहद्वारी चौराहा, सराय हकीम, सराय लवरिया, रघुवीरपुरी, मसूदाबाद चौराहा, जीटी रोड, ग्रांड मैलरोज, जवाहर नगर, चूहरपुर होती हुई आईटीआई रोड पर पहुंचकर संपन्न होगी। डीएम ने बताया कि जनपद के विभिन्न पार्क, प्रदर्शनी स्थल एवं अन्य स्थानों पर पौधारोपण भी किया जाएगा।
होगा मार्च पास्ट
नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज से स्टेट बैंक चौराहा, समद रोड, सेंटर प्वाइंट,मैरिस रोड,केला नगर चौराहा, दोदपुर, थाना सिविल लाइन, लाल डिग्गी, जिलाधिकारी आवास के सामने होते हुए वापस नौरंगी लाल इंटर कॉलेज पर पुलिस, पीएसी, एनसीसी, होमगार्ड और स्काउट के जवानों स्कूली छात्रों द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा। सेवा भवन नगर निगम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान एवं सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। मदर टैरेसा चैरिटेबल ट्रस्ट में बच्चों को भोजन और मलिन बस्तियों की साफ सफाई का कार्य भी किया जाएगा।