फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा की हिंसा से थम गईं ट्रेनें 

Sat, 26 Aug 2017 01:08 AM IST
ब्यूूराे, अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन
हरियाणा की हिंसा से थम गईं ट्रेनें  - फोटो : Rupesh
विज्ञापन
सीबीआई की अदालत से दुष्कर्म के मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख बाबा राम रहीम को दोषी ठहराये जाने के बाद हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में हुई हिंसक घटनाओं को देखते हुए रेल प्रशासन ने शुक्रवार को कई ट्रेनों को रद्द कर दिया। इस कारण हजारों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन


गोरखपुर से हरियाणा के हिसार स्टेशन जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस को शाम को अचानक अलीगढ़ में ही रद्द कर दिया गया। ये ट्रेन आगे नहीं गई, इसको चार नंबर प्लेटफार्म पर खड़ा करा दिया गया। दिल्ली में खड़ी रीवा एक्सप्रेस के खाली कोचों में आगजनी के बाद उत्तर रेलवे से उत्तर मध्य रेलवे तक सब जगह अलर्ट कर दिया गया। जिसके बाद कुछ ट्रेनों को जहां का तहां रोक दिया गया।

गोरखधाम से उतरने वाले यात्री खासे परेशान थे, लेकिन जब उन्हें हरियाणा के हिंसक माहौल का पता चला तो वे अन्य संसाधनों से जाने लगे। अधिकांश वापस सुरक्षित स्थानों पर ही लौट गए। इनमें से बहुत से यात्रियों को पुरी एक्सप्रेस से कानपुर तक जाने की सुविधा दी गई। 
विज्ञापन


सीएमआई संजय शुक्ला ने बताया कि दिल्ली की ओर जाने वाली नॉन स्टाप ट्रेन गोरखधाम एक्सप्रेस को अलीगढ़, टाटा मूरी एक्सप्रेस और ऊंचाहार एक्सप्रेस को दादरी में रद्द किया गया। इलाहाबाद मंडल के सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल ने बताया कि दिल्ली जाने वाली मगध एक्सप्रेस, अप-डाउन स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, कालिंदी एक्सप्रेस, भागलपुर नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस को पहले ही रद्द कर दिया गया है।

इससे पूर्व बिहार के किशनगंज रेलवे स्टेशन में पानी भरा होने से नार्थ इस्ट एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस और ब्रह्मपुत्र मेल को पहले से ही रद्द रखा गया है। इन ट्रेनों के संचालन की अभी कोई तारीख तय नहीं हुई है। 11 ट्रेनों के रद्द होने से हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस कारण रिजर्वेशन काउंटरों पर टिकट लौटाने वालों की भीड़ लग गई। 

रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट सचिन कुमार, एक अन्य मजिस्ट्रेट, एसपी सिटी, सीओ और कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। ट्रेन से सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारने के बाद उसे यार्ड में खड़ा कराया गया। इसी बीच मुसाफिरों को सावधानी से पुल पार करने और दूसरी जरूरी सलाह दी गई, ताकि अचानक भगदड़ न मचे। आरपीएफ इंस्पेक्टर नवल किशोर और जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक भी फोर्स के साथ तैनात रहे। स्टेशन पर एहतियातन यार्ड तक सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 
विज्ञापन


गोरखधाम एक्सप्रेस से उतरे यात्रियों के बयान
हम अपनी कुलदेवी की पूजा करने राजस्थान जा रहे थे। अब बाद में जाना होगा। पूरे देश में कहीं भी आम आदमी सुरक्षित नहीं है। 
- प्रदीप कुलसियान, कुशीनगर

हम लोगों को रास्ते में ही पता चला कि हरियाणा में माहौल खराब हो गया है। इसीलिए अब दूसरे सुरक्षित साधन से आगे का सफर करेंगे। 
- शिवानी, राजस्थान 

कुछ लोगों की दबंगई से कितने लोग परेशान हैं और हमारा पुलिस-प्रशासन तंत्र मूक दर्शक बन कर रह गया है। इससे क्या उम्मीद करें। 
- संतोष रूंगटा, गोरखपुर 

अचानक अलीगढ़ में गोरखधाम एक्सप्रेस को र्द्द कर दिया गया। अगर हिंसा होने की जानकारी थी, तो ट्रेन को कानपुर में ही रोक देते। 
- अरुण कुमार, गोरखपुर 

हमें रेल प्रशासन से सुरक्षा मिलनी चाहिए लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। कोई जवाबदेही नहीं है। 
- विजय रूंगटा, गोरखपुर 

इतनी लंबी यात्रा करने के बाद अब हमें वापस जाना पड़ेगा। हमारे सब काम अधूरे रह गए। 
- शशि खेतान, पडरौना 

हरियाणा की घटनाओं को जानने के बाद अब हमने आगे का सफर रद्द कर दिया है, घर वापस जाएंगे। 
- कुसुम कुलसियान, पडरौना 

नरेंद्र मोदी सरकार पूरे देश में कानून व्यवस्था के मामले में फेल हो चुकी है। कहीं भी आम आदमी सुरक्षित नहीं है।
चौ. बिजेंद्र सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें