जिले में अलर्ट, हरियाणा, दिल्ली की सीमा पर नजर
- फोटो : Dig Vishal
बाबा रहीम के समर्थकों का पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में उग्र प्रदर्शन स्थानीय जिला प्रशासन के लिए भी सिरदर्द बन गया है। अलीगढ़ में डेरा समर्थकों की मौजूदगी ने पुलिस का टेंशन बढ़ा दिया है। एसएसपी राजेश पांडेय ने शुक्रवार शाम को खुद ही यूपी हरियाणा सीमा के गांव पीपली में डेरा डाला। वह यहां पर दो घंटे तक ठहरे और पिकेट बनवा कर वाहनों की चेकिंग शुरू करा दी।
इधर से जाने वाले वाहनों की संख्या औसत थी लेकिन हरियाणा से आने वाले वाहनों की संख्या बहुत कम रही। यूपी हरियाणा के अलावा, नोएडा और बुलंदशहर की सीमा पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है। एसएसपी के साथ सीओ खैर, तीन थानों खैर, पिसावा और टप्पल का पुलिस फोर्स मौजूद रहा।
एसएसपी ने बताया कि पिकेट बना कर वाहनों की चेकिंग शुरू करा दी गई है। हरियाणा सीमा से आने वाले वाहनों को चेक किया जाएगा इसके बाद ही उन्हें अलीगढ़ आने दिया जाएगा। बुलंदशहर और नोएडा से आने वाले वाहनों पर भी नजर रखी जा रही है।
इसके अलावा शहर में सुरक्षा व्यवस्था चौकस रखने के लिए तीन कंपनी पीएसी, पुलिस फोर्स और सादा वर्दी में खुफिया पुलिस को लगाया गया है। इसके लिए एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्टेशन, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थान पर चौकसी बढ़ाई गई है। पुलिस कप्तान ने बताया कि रात तक किसी भी तरह की कोई विरोध प्रदर्शन की सूचना नहीं मिली है।