एंटी करप्शन की टीम ने 12 नवंबर को तहसील गभाना में प्रशिक्षु लेखपाल के पद पर तैनात गीतम सिंह को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा है। आरोपी से चार घंटे तक जवां थाने में पूछताछ हुई। टीम आरोपी को 13 नवंबर को मेरठ स्थित मुख्यालय ले जाएगी फिर उसे कोर्ट में पेश करेगी।
तहसील गभाना क्षेत्र के थाना चंडाैस के गांव ताजपुर के किसान करनवीर सिंह के पिता की पांच अगस्त 2024 की मृत्यु हो गई थी। उन्होंने किसान दुर्घटना बीमा योजना में लाभ पाने के लिए आवेदन किया था। आवेदन पर प्रशिक्षु लेखपाल गीतम सिंह ने रिपोर्ट लगाने के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। 10 हजार रुपये में बात तय हुई। करनवीर ने इस मामले में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की।
एंटी करप्शन के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि टीम ने करनवीर को रुपये देकर प्रशिक्षु लेखपाल को देने के लिए भेजा। प्रशिक्षु लेखपाल ने किसान को पहले कटरा मोड़ पर बुलाया। फिर अलीगढ़-गाजियाबाद हाईवे पर दाैरऊ मोड़ के पास बुलाया। जैसे ही उसने रुपये हाथ में पकड़े निरीक्षक निसार हुसैन के नेतृत्व वाली एंटी करप्शन की टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया।
एंटी करप्शन टीम प्रशिक्षु लेखपाल गीतम सिंह निवासी कैमावली, इगलास को पहले थाना जवां लेकर पहुंची। जहां उससे पूछताछ की गई। इसके बाद लेखपाल पर जवां थाने में ही भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। टीम उसे अब बुधवार को मेरठ स्थित कार्यालय ले जाएगी फिर उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रशिक्षु लेखपाल की पत्नी उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के रूप में तैनात है। हाल ही में उसकी तैनाती प्रयागराज में हुई है। एडीएम प्रशासन पंकज कुमार ने बताया कि गभाना तहसील के एक प्रशिक्षु लेखपाल गीतम सिंह को एंटी करप्शन की टीम ने पकड़ा है।