अलीगढ़। टूंडला की ओर जा रही मालगाड़ी की बोगी का डाला स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर गिरकर काफी दूर तक घिसटता गया। प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। डाला खुलने की जानकारी मिलते ही चालक दल ने ट्रेन को रोक दिया। रेलवे कर्मचारियों ने मालगाड़ी से डाला खोलकर अलग कर दिया, बाद में दूसरी ट्रेन से टूंडला भेज दिया।मालगाड़ी हरदुआगंज में कोयला खाली करके रविवार दोपहर टूंडला की ओर जा रही थी। रेलवे ट्रैक खाली न होने के कारण ट्रेन को लोको में कुछ देर के लिए खड़ा कर दिया गया।
रेलवे ट्रैक खाली होते ही चालक को मैसेज किया गया कि ट्रेन को वह चलाए। मालगाड़ी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो के ट्रैक पर चल ही रही थी कि इंजन से करीब 6 नंबर की बोगी का डाला खुलकर प्लेटफार्म पर आ गिरा और घिसटता हुआ चला, जिससे चिंगारी भी निकलने लगी।
इस घटना से प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस हादसे की जानकारी होते ही चालक दल ने ट्रेन रोक ली। उधर, इस मामले की जानकारी मिलते ही रेलवे का तकनीकी स्टाफ भी आ गया, जिसने बोगी से डाला अलग कर दिया।