पटना से दिल्ली जा रही संपूर्ण क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस के मंगलवार सुबह 6:50 बजे हाथरस जंक्शन स्टेशन के निकट दरियापुर हॉल्ट पर पहिए जाम हो गए। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी जब इंजन को सुचारु नहीं किया जा सका तो टूंडला जंक्शन से नया इंजन मंगवाया गया, जिसके बाद गाड़ी दिल्ली की ओर रवाना की गई। तीन घंटे दिल्ली-हावड़ा मार्ग की अप लाइन ठप पड़ी रहने से एक दर्जन से अधिक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।
स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम के मुताबिक कैफियत एक्सप्रेस, दुरंतो एक्सप्रेस, राजधानी, शताब्दी, गरीब रथ, मग्ध एक्स. संगम एक्स. रीवा एक्स सहित कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। इन ट्रेनों के देरी से अलीगढ़ जंक्शन पर आने के चलते हजारों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। इधर, संपूर्ण क्रांति एक्स. में जो यात्री अलीगढ़ जंक्शन आने के लिए सवार हुए थे। उनको भी भारी परेशानी उठानी पड़ीं। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए हाथरस जंक्शन से सबसे पहले कैफियात को गुजारा गया, जिसके बाद भीड़ कम हो सकी।