4 जनवरी दोपहर को अमर उजाला ने जब इन इलाकों में स्थितियां देखीं तो लोग सिस्टम को कोसते नजर आए। किशनपुर, आर्य नगर व होली चौक के वाशिंदे सुनील कुमार, कृपाल सिंह, अनिल कुमार व कुशलपाल सिंह ने साफ कहा कि हमारी गलियां पहले से तंग हैं। हमारे अपने वाहन घरों या प्रतिष्ठानों के बाहर खड़े रहते हैं। ऊपर से गलियों में दोपहिया के अलावा ऑटो-टेंपो, एंबुलेंस, चारपहिया व लोडर वाहन आने लगे हैं। दिन भर जाम लगने लगा है। कई बार हमारे वाहनों से टकराते हैं। किसी दिन यह समस्या बड़े विवाद का कारण बन सकती है। हमारी कॉलोनी से जुड़ी कुछ कालोनियों के रास्ते भी बंद हैं। उनकी आवाजाही भी हमारी ओर से हो रही है।
ये हालात जानें
- रामघाट रोड पर क्वार्सी चौराहा, क्वार्सी चुंगी, एडीए कार्यालय, विद्या नगर के बाहर, किशनपुर तिराहा प्रमुख जाम प्वाइंट।
- निर्माण के चलते शंकर विहार, क्वार्सी, शताब्दी नगर, रामबाग, अवंतिका, किशनपुर, आर्य नगर की गलियों में लगता जाम।
- निर्माण के चलते प्रमुख मार्ग पर जाम के चलते कालोनी की गलियों से गुजर रहे ऑटो-टेंपो, एंबुलेंस व लोडर वाहन भी।
क्वार्सी ओवरब्रिज, रामघाट रोड सड़क, स्वर्ण जयंती नगर नाला, दुर्गाबाड़ी सड़क-नाली, मैरिस रोड, केला नगर-दोदपुर सड़क, ज्ञान सरोवर-मान सरोवर सड़क, रमेश विहार सड़क।
इन कॉलोनियों का संपर्क टूटा
- रामबाग कॉलोनी, किशनपुर, अवंतिका फेज-2, आर्य नगर, ज्ञान सरोवर-मान सरोवर में रामघाट रोड से प्रवेश बंद।
- ज्ञान सरोवर-मान सरोवर व उससे जुड़ी रमेश विहार, सूर्य सरोवर में क्वार्सी बाईपास या स्वर्ण जयंती नगर से प्रवेश।
ऐसे पूरा हो रहा सफर
क्वार्सी से गांधी आई तक जाने के लिए लोग शताब्दी नगर, राज्य कर्मचारी कॉलोनी, किशनपुर, अवंतिका, आर्य नगर होकर सफर कर रहे हैं। हालांकि, गलियों में जाम के चलते यहां भी सफर आसान नहीं हो रहा।