अलीगढ़। मीनाक्षी पुल पर अभी 25 दिनों तक यातायात ऐसे ही बाधित रहेगा। रामघाट रोड को दोबारा सीसी बनाया जा रहा है। वर्तमान में महाजन होटल तक का निर्माण पूरा हो चुका है। दूसरी ओर टीआर इंटर कॉलेज से पुल तक निर्माण होना बाकी है। यह निर्माण पूरा होने के बाद ही पुल पर आवागमन सामान्य हो सकेगा।
नगर निगम के निर्माण विभाग के एक्सईएन ने बताया कि महाजन होटल की ओर अभी सड़क ताजा बनी है, जिसकी तराई कराई जा रही है। समद रोड जाने का रास्ता भी बंद है, ताकि सड़क मजबूत हो सके। सूखने के बाद इस पर एक ओर से यातायात चालू किया जाएगा। इसमें लगभग सात दिन का वक्त और लग सकता है।
उन्होंने बताया कि इसके बाद टीकाराम इंटर काॅलेज की ओर से पुल तक सड़क बनेगी। इसके बनने में छह दिन और सूखने में दस दिन का समय और लगेगा। इस दौरान मीनाक्षी पुल की ओर से बड़े वाहनों का आवागमन रुका रहेगा, ताकि सड़क मजबूत हो सके। इस तरह से लगभग 25 दिन तक मीनाक्षी पुल पर यातायात बाधित रहेगा। इसकी सूचना के बोर्ड जल्द लगाए जाएंगे।
नगर निगम को कम से कम सड़क निर्माण और पुल पर आवागमन बंद करने की सूचना का बोर्ड लगाना चाहिए, ताकि लोग परेशान न हों। -प्रशांत।
स्मार्ट सिटी का काम भी उसी तरह से होना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो पा रहा है। कहीं कोई सूचना नहीं दी जाती है, लोग भटकते रहते हैं। -कुलदीप।
समद रोड पर यातायात बंद होने से लोग परेशान हैं, उन्हें रामघाट रोड से सेंटर प्वाइंट जाने के लिए घूम कर जाना पड़ रहा है। बहुत असुविधा है। -अनिल कुमार।