नुमाइश मैदान में चल रहा वाउंड्री वाल का निर्माण- स्रोत अमर उजाला
- फोटो : samvad
नुमाइश मैदान में ऑडिटोरियम निर्माण के प्रोजेक्ट में बड़ा उलटफेर हुआ है। निर्माण के लिए आई फर्म का मूल निवास प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने के बाद प्रशासन ने उसे ब्लैकलिस्ट कर दिया है। प्रशासन अब पुराने प्लान में बदलाव कर 600 सीटों के बजाय 1500 सीटों की क्षमता वाला एक विशाल सभागार बनाने की तैयारी कर रहा है।
इस पूरे प्रोजेक्ट की कमान एडीए के प्लानर्स को सौंप दी गई है। यह नया ऑडिटोरियम भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा। इसके लिए एस्टीमेट तैयार करने का काम चल रहा है।
दरअसल, नुमाइश की ऐतिहासिक कृष्णांजलि नाट्यशाला के जर्जर होने के चलते उसे ध्वस्त किया जा रहा है। इसी कमी को पूरा करने के लिए अब कृष्णांजलि और नए ऑडिटोरियम की संयुक्त क्षमता को मिलाकर एक बड़ा भव्य केंद्र बनाने पर विचार चल रहा है।
यह सभागार अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सुविधाओं और स्मार्ट तकनीक से लैस होगा। प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि इसके सबसे ऊपरी तल तक लोग अपनी गाड़ियों से जा सकेंगे। इसे न केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों बल्कि बड़े राजकीय आयोजनों के अनुकूल बनाया जाएगा।
नुमाइश मैदान में बाउंड्री का काम शुरू
नुमाइश मैदान में जीटी रोड पर तहसील के सामने पुरानी दीवार को तोड़कर नई दीवार लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए आरसीसी पिलर खड़े कर दिए गए हैं। दीवार की ऊंचाई भी बढ़ा कर 10 फीट की गई है।
भविष्य में बड़े आयोजनों को ध्यान में रखते हुए 1500 सीटों की क्षमता वाला बड़ा ऑडिटोरियम तैयार किया जाए। इसी पर काम चल रहा है। - संजीव रंजन, डीएम