सोशल मीडिया पर दो दिन पहले वायरल हुए ट्रैफिक कर्मियों के वाहनों से वसूली संबंधी वीडियो के आधार पर एसएसपी ने कड़ी कार्रवाई की है। एसपी यातायात की रिपोर्ट मिलने के बाद ट्रैफिक दरोगा को निलंबित कर दिया है, जबकि होमगार्ड के खिलाफ कमांडेंट को लिखा गया है।
एसपी यातायात सतीश चंद्र के अनुसार 28 नवंबर को यह वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें मथुरा रोड हाईवे पुल के नीचे बाइक पर ट्रैफिक दरोग नवाब सिंह बैठा है और होमगार्ड स्कूल वैन के चालक से वसूली कर रहा है। यह खबर समाचार पत्रों में प्रकाशित हुई, जिसका संज्ञान लेते हुए एसपी यातायात ने अपनी रिपोर्ट एसएसपी को भेजी। एसएसपी मुनिराज जी ने दरोगा नवाब सिंह को निलंबित कर दिया है, जबकि होमगार्ड राधेश्याम के खिलाफ कमांडेंट को विभागीय कार्रवाई के लिए लिखा गया है।