। नगर में लंबे समय से जाम की समस्या से परेशान जनता को राहत दिलाने के उद्देश्य से पीडब्ल्यूडी विभाग ने खैर-अलीगढ़ पलवल मार्ग के चौड़ीकरण के कार्य की शुरुआत कर दी है। इसके साथ ही विभाग ने मार्ग पर किए गए स्थाई एवं अस्थाई अतिक्रमण को हटाने के लिए नोटिस भेजने की कार्रवाई भी तेज कर दी है।
पीडब्ल्यूडी विभाग ने डाक के माध्यम से लगभग 30 व्यापारियों को नोटिस भेजकर सात दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी है। नोटिस में कहा गया है कि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर विभाग बलपूर्वक कार्रवाई करेगा तथा नियमानुसार अतिक्रमण हटाने का खर्च और राजस्व वसूली भी संबंधित लोगों से की जाएगी। एई रजनीश कुमार ने बताया कि 15 अप्रैल को नोटिस कार्यालय से जारी हुए हैं। अगर प्रथम नोटिस पर स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो 22 अप्रैल को सभी 334 डी के दुकानदारों को दूसरा व अंतिम नोटिस भेजा जाएगा। वहीं,व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह कमांडो ने कहा कि व्यापारी विभाग के साथ हैं, लेकिन सड़क नापने में एकरूपता नहीं बरती गई है। कहीं सड़क के मध्य से चार मीटर तो कहीं छह मीटर की दूरी नापी गई है। विभाग को चाहिए कि वह व्यापारियों के हित में निष्पक्ष कार्य करे।