बिजली की अघोषित कटौती से कटौती से परेशान व्यापारियों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। नूरपुर रोड स्थित टप्पल बिजली घर पर नारेबाजी की। बिजली आपूर्ति की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग करते हुए अवर अभियंता को संबोधित ज्ञापन एसएसओ भूपेंद्र सिंह को सौंपा।
व्यापारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का शासन से आदेश है, लेकिन क्षेत्र में आठ घंटे भी बिजली नहीं मिल रही। रात के समय तो बिजली कुछ मिल भी जाती है लेकिन दिन के महत्वपूर्ण समय में तीन से चार घंटे तक बिजली काटी जा रही है। इससे दुकानदारी, व्यापार प्रभावित हो रहा है। दिन के समय बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सही की जाए। व्यापारियों ने चेताया कि जल्द ही बिजली की नियमित आपूर्ति में सुधार नहीं होने पर वह विरोध प्रदर्शन करने पर बाध्य होंगे।
वहीं अवर अभियंता अवनीश कुमार ने बताया कि ज्ञापन मिला है। रोस्टर के हिसाब से ही बिजली की आपूर्ति की जा रही है। लाइन में फॉल्ट और तकनीकी कमी पर जरूर कटौती हो जाती है। प्रयास है कि दिन में बिजली की आपूर्ति नियमित रहे। ज्ञापन देने वालों में दीपक शर्मा, डॉ. हरिओम शर्मा, ठाकुर तुलसी राम, पंकज शर्मा, मुनेश, मिथुन, विनीत बघेल, मोहन सिंह मौजूद रहे।