प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 दिसंबर प्रातः करीब 11 बजे टप्पल थाने के सारोल मोड़ निकट स्थित सत्यवती पैलेस के सामने जेवर की ओर से टप्पल आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गयी। सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नाले में गिर गई। हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो घायल हो गए। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार मजदूरों में से भी कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को आनन फानन सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस कर्मी मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि टप्पल क्षेत्र व अन्य गांव के मजदूर जेवर स्थित आरआर कॉलोनी में मजदूरी का कार्य करते थे, लेकिन आज काम न मिलने के कारण 13 मजदूर लौट रहे थे। सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर टप्पल की ओर आ रहे थे। टप्पल में सिमरोठी निवासी अशोक ने बताया कि जेवर से टप्पल आने के दौरान 11 मजदूर ट्रॉली में व दो मजदूर ट्रैक्टर पर बैठे हुए थे। मजदूरों ने अनेकों बार ट्रैक्टर चालक को गति कम करने को कहा। चालक ट्रैक्टर को तेज रफ़्तार से चलाता रहा। मजदूरों ने तेज गति के कारण उतारने को कहा, लेकिन चालक ने ट्रैक्टर नहीं रोका। सारोल मोड़ पर हादसा हो गया। बाइक सवार तीनों युवक भी टप्पल से सारोल गांव की तरफ मजदूरी के लिए जा रहे थे।