फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aligarh News: ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार तीन दोस्तों को रौंदा, दो की मौत

Tue, 24 Jun 2025 02:04 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अलीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के गांव कुलवा में रविवार रात एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार तीन दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में दो की युवकों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब एक युवक अपना रिश्ता पक्का होने के बाद दोस्त को उसके गांव छोड़ने जा रहा था।
विज्ञापन

थाना पुलिस ने बताया थाना क्षेत्र के गांव सांगौर के भूपेंद्र सिंह के बेटे आयुष (21) का रविवार को शाम रिश्ता पक्का (रोका समारोह) हुआ था, जिसमें क्षेत्र के ही गांव सुमेरपुर निवासी दोस्त कुलदीप सिंह (23) भी शामिल हुआ था। रात को दोस्तों के बीच पार्टी हुई। इसके बाद आयुष गांव के ही टिंकू के साथ कुलदीप को बाइक से छोड़ने गांव सुमेरपुर जा रहा था। बाइक जैसे ही गांव कुलवा से निकली ही थी कि सुमेरपुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस में आने में देरी पर पुलिस वाहन से तीनों को जिला अस्पताल भेज दिया. जहां चिकित्सकों ने कुलदीप और आयुष को मृत घोषित कर दिया। घायल टिंकू का जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।


इकलौता था आयुष, चंद घंटों में खुशियां मातम में बदलीं
गभाना। गांव सांगौर निवासी भूपेंद्र सिंह के घर में इकलौते बेटे आयुष का रिश्ता पक्का होने की खुशियां चंद घंटों में ही मातम में बदल गईं। घर में कोहराम मच गया। दोपहर बाद शव पोस्टमार्टम के बाद गांव आने पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
विज्ञापन

आयुष का गभाना क्षेत्र के ही एक गांव से रोका कार्यक्रम होने से परिवार में खुशी का माहौल बना हुआ था। शादी की तिथि भी तीन जुलाई भी नियत हो गई थी। घर में युवक की मौत की खबर से कोहराम मच गया। भूपेंद्र सिंह मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं, उनके पास एक बेटी, एक बेटा था। बेटी की पांच साल पहले शादी कर दी थी। बेटा आयुष पिता का कामकाज में हाथ बंटाता था।
पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में आए दोनों के शव

दोपहर ढाई बजे बाद आयुष का शव उसके गांव सांगौर में और कुलदीप का शव सुमेरपुर लाया गया, जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
कुलदीप के घर भी मचा रहा कोहराम
गभाना। हादसे में मृत गांव सुमेरपुर निवासी दोस्त कुलदीप भी काफी खुश था किउसके दोस्त की शादी जल्द होने वाली है। आयुष, कुलदीप और टिंकू हमउम्र होने के साथ काफी अच्छे दोस्त भी थे। रिश्ता पक्का होने पर हुई पार्टी में तीनों दोस्त काफी खुश नजर आ रहे थे। कुलदीप के घर भी कोहराम मचा हुआ है, वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था।
एक घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस, पुलिस ने अपनी गाड़ी से भेजा
हादसे के बाद तीनों दोस्त रास्ते में करीब एक घंटे तक मौके पर तड़पते रहे। हादसे में मृत कुलदीप के चाचा प्रशांत का कहना है कि हादसे के बाद राहगीरों ने 108 नंबर पर एंबुलेंस को भेजने के लिए कई बार फोन किया था लेकिन एंबुलेंस नहीं आई। बाद में पुलिस ने अपनी गाड़ी से अस्पताल भिजवाया, यदि एंबुलेंस समय से आ जाती तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी, चालक फरार
पुलिस ने घटना की सूचना मिलने पर गांव कुलवा में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली की पहचान कर गांव से पकड़ लिया, जबकि चालक फरार हो गया।


हादसे में दो युवकों की मौत हुई है, एक घायल है। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों सो सुपुर्द कर दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। संजीव तोमर, सीओ गभाना
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें