अलहदादपुर नीवरी में बृहस्पतिवार की सुबह तड़के चारपाई पर सो रहे ट्रैक्टर चालक को मिट्टी से भरे डंपर ने कुचल दिया। हादसे में हरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना एक खाली प्लॉट में मिट्टी डालते वक्त हुई।
लोधा के गांव हरदासपुर निवासी हरेंद्र (28) पुत्र कल्याण सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाते हैं। भाई रिंकू ने बताया है कि अलहदादपुर नीवरी की नई आवादी में एक प्लॉट में मिट्टी भराव का कार्य चल रहा था। इसमें हरेंद्र भी अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार्य कर रहा था। तड़के चार बजे वह ट्रैक्टर को खड़ाकर प्लॉट में ही चारपाई पर सो गया।
इस बीच मिट्टी डालने आए डंपर चालक की नजर चारपाई पर नहीं पड़ी। पीछे मोड़ते वक्त डंपर चारपाई पर चढ़ गया। पहिया सिर पर होकर निकलने से हरेंद्र की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची रोरावर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पति की मौत पर पत्नी सूरजमुखी और दो बेटों को रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया है कि युवक करीब दो माह पहले ही ट्रैक्टर खरीदा था। कोतवाल जोगेंद्र सिंह ने बताया कि डंफर चालक को हिरासत में लिया है। परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। खनन अधिकारी को भी सूचित कर दिया है।