अलीगढ़ के लोधा थाने में तैनात दरोगा वृषपाल सिंह (55) की 6 अप्रैल सुबह सासनी गेट चौराहे पर कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। दुर्घटना के समय दरोगा बाइक पर घरेलू सामान लेकर थाने जा रहे थे। पोस्टमार्टम के बाद शाम को दरोगा के शव को पुलिस लाइन में अंतिम विदाई दी गई। इसके बाद शव उनके पैतृक गांव भेज दिया गया।
मूल रूप से मैनपुरी के भवानीगढ़ कैथौली रामनगर के वृषपाल सिंह सिंह की तैनाती पिछले दिनों अतरौली थाने में थी। तीन अप्रैल को उनका तबादला लोधा थाने के लिए हो गया था। सोमवार सुबह वह अतरौली थाने से अपना घरेलू सामान लेकर बाइक पर लोधा जा रहे थे। सासनी गेट के आगरा रोड स्थित प्रयाग नारायण मूक बधिर विद्यालय के सामने पीछे से कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी।
आनन-फानन राहगीरों की मदद से उन्हें पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर इलाका पुलिस के साथ-साथ लोधा पुलिस भी आ गई। यहां चिकित्सकों ने दरोगा को मृत घोषित कर दिया। दरोगा के परिजन भी मैनपुरी से आ गए। पुलिस लाइन में एसएसपी नीरज जादौन की अगुवाई में जिले भर की पुलिस ने शोक सलामी के बाद अंतिम विदाई दी। इस दौरान एसएसपी ने परिजनों को सांत्वना देते हुए परिवार के साथ होने का भरोसा दिलाया।
वृषपाल सिंह अपने पीछे पत्नी के अलावा दो बेटे व एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनका एक बेटा शिक्षक है, जबकि दूसरा अग्निवीर सैनिक है। सीओ प्रथम मयंक पाठक के अनुसार यह दुर्घटना नगर निगम की घर-घर कूड़ा उठाने वाली एजेंसी अर्बन एनवायरोटेक सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के सब-कांट्रैक्टर का है। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया। सीसीटीवी की मदद से चिह्नित कर आरोपी चालक को तलाश किया जा रहा है।