कोरोना के तेजी से बढ़ते मामले देखकर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार रात दस बजे से 13 जुलाई सोमवार सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन जैसी पाबंदियों को लागू कर दिया है। इस दौरान खाने-पीने की चीजों की खरीदारी करने के लिए दूध, डेयरी, सब्जी, फल, परचून, किराना, जनरल स्टोर सुबह सात से ग्यारह बजे तक खुले रहेंगे ताकि इन आवश्यक वस्तुओं की किल्लत न होने पाए। अस्पताल, निजी अस्पताल, नर्सिंग, मेडिकल स्टोर, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड आदि की पूर्ववत खुले रहेंगे। इसमें कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में संचालित फैक्ट्रियों में वहां के स्थानीय कामगार काम पर जा सकेंगे। शहरी इलाके की फैक्ट्ररी, कारखाने और दफ्तर बंद रहेंगे। मालवाहक वाहनों की हाईवे पर आवाजाही बनी रहेगी ताकि कारोबारी डिलीवरी समय पर हो सके।
मालवाहक वाहनों के ड्राइवरों और अन्य स्टाफ को खाने-पीने की दिक्कत न हो, इसलिए हाईवे के ढाबे सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन करते हुए खोले जा सकेंगे। रेलवे स्टेशन से आने और जाने वाले लोगों को रोडवेज के माध्यम से लोकल यातायात मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए रोडवेज अधिकारियों से व्यवस्था बनाने को कहा गया है।
ये व्यवस्थाएं सुबह से लागू कर दी जाएंगी। इसके साथ ही शासन के सभी निर्देशों पर पूरी तरह से अमल किया जाएगा। जिससे लॉकडाउन का पूरा लाभ संक्रमण को रोकने के लिए उठाया जा सके। डीएम ने कहा है कि इस संबंध में शुक्रवार दोपहर को कलक्ट्रेट में होने वाली समीक्षा बैठक में आगे के निर्देश तय किए जाएंगे। वहीं, एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि शासन के निर्देश और शुक्रवार को होने वाली मीटिंग के अनुसार लॉक डाउन का पालन कराया जाएगा।
ये खुला रहेगा
दूध, डेयरी, सब्जी, फल, परचून, किराना, जनरल स्टोर सुबह सात से ग्यारह बजे तक
हाईवे पर मालवाहक वाहनों का आनाजाना होता रहेगा
ढाबा सोशल डिस्टेंसिंग के साथ खुलेंगे
ग्रामीण क्षेत्रों की औद्योगिक इकाइयों में वहां के स्थानीय लोग काम पर जा सकेंगे
शहरी क्षेत्रों की सभी इकाइयां बंद रहेंगी, इसलिए किसी को अनावश्यक बाहर नहीं आना है
रेलवे स्टेशन आने-जाने वालों के लिए रोडवेज लोकल यातायात का संसाधन मुहैया कराएगी