कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद राशिद अल्वी ने कहा कि आज देश में सिविल वार जैसे हालात हैं। किसान से लेकर युवा तक बेरोजगार और परेशान हैं। भाजपा को पाकिस्तान और इमरान के अलावा कुछ नजर नहीं आता है।
राशिद अल्वी ने यह बात शनिवार को रेलवे रोड स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय पर पत्रकार वार्ता में कही। वह यहां पर संगठन की बैठक लेने के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कभी नहीं कहा कि देश का युवा डंडे मारकर मोदी को भगाएगा। एक जुमला कभी नहीं कहा है कि प्रधानमंत्री को डंडा मारा जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के लोग झूठ बोलते हैं। भाजपा अपने मन से यह सब बोल रही है।
उन्होंने कहा कि आतंकियों को अपनी गाड़ी में बैठा कर पुलवामा तक ले जाने वाले डीएसपी देवेंद्र सिंह के विषय में भाजपा चुप है। उसके लिंक किस किस से जुड़े हैं, किसके कहने पर वह आतंकियों को वहां छोड़ कर आया, इस विषय में कोई बात नहीं कर रहा है। जबकि सूचनाएं आ रही हैं कि वह पहले भी आतंकियों को लेकर पुलवामा पहुंचा है।
देश के लोग जानना चाहते हैं कि किस किस के तार आतंकियों की गतिविधि से जुड़े हैं। अलीगढ़ में शाहजमाल पर सीएए पर चल रहे धरने पर जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मेरी हर उस व्यक्ति से हमदर्दी है, जो सीएए, एनआरसी का विरोध कर रहा है। रहा सवाल वहां पर जाने और न जाने का, तो इसका फैसला जिला संगठन को लेना है।
पुलिस के पहुंचने पर शाहजमाल जाना रद्द किया
राशिद अल्वी के कांग्रेस जिला कार्यालय पहुंचने के साथ ही यह बात उठ गई कि वह शाहजमाल में सीएए के विरोध में चल रहे धरने पर जा सकते हैं। जल्द ही बात पुलिस तक पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने पार्टी नेताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया। दोपहर करीब दो बजे राशिद अल्वी पार्टी के जिला कार्यालय पहुंचे। कुछ देर बाद ही थाना गांधी पार्क प्रभारी पहुंच गए। पुलिस ने संकेत दिए कि अगर राशिद अल्वी शाहजमाल जाना चाहते हैं तो पुलिस गिरफ्तार करेगी। इसके बाद शाहजमाल जाने का कार्यक्रम पार्टी नेताओं ने रद्द कर दिया।