गंभीर कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार में इस्तेमाल हो रही ऑक्सीजन की सप्लाई जिले को रुक-रुककर हो रही है। यह केवल अलीगढ़ का ही नहीं बल्कि देशभर का यही हाल है। अलीगढ़ में राहत की बात अभी तक यह है कि यहां गैस पूरी तरह से खत्म नहीं हुई।
मंगलवार को अलीगढ़ के हिस्से में 4 टन गैस आई। रुड़की से इसकी आपूर्ति हुई। वहां से औषधि निरीक्षक हेमेंद्र चौधरी अपनी देखरेख में टैंकर को लेकर आए। उन्होंने देर रात गैस टैंकर को केसी प्लांट पर खाली कराया। यहां से जिलेभर के अस्पतालों को आपूर्ति दी गई। इससे पूर्व सोमवार की रात को जिले में काशीपुर से 6.5 टन गैस की आपूर्ति हुई।
जिले में कोरोना संक्रमितों के इलाज के लिए सरकारी और निजी तौर पर 13 अस्पताल संचालित हैं। करीब 300 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। इनके अलावा जिले के नॉन कोविड अस्पतालों में अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीज भर्ती हैं। वर्तमान में जिले में प्रतिदिन करीब 6 टन गैस की खपत है। इसके सापेक्ष औसतन हर रोज 3 से 4 टन गैस मिल रही है।
वहीं, कासिमपुर स्थित राधा इंडस्ट्रियल गैस प्लांट से करीब 2.5 टन हर रोज सप्लाई हो रही है। इससे जिले के हालात पर काबू पाया जा रहा है। ऑक्सीजन आपूर्ति के प्रभारी अधिकारी/सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह ने बताया कि हर प्रकार की जोड़ तोड़ के साथ पूरे इंतजाम करके जिले के लिए ऑक्सीजन गैस की आपूर्ति कराई जा रही है। बुधवार का दिन अब सुकून में कट जाएगा। बृहस्पतिवार के लिए अभी से इंतजाम के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।