शहर के पुराने बाजार में अब्दुल करीम चौराहे पर छिपैटी व्यापारियों द्वारा आज परंपरागत रूप से होली खेली जाएगी, लेकिन इस बार यह होली मास्क, सैनिटाइजर का प्रयोग करते हुए ही खेली जाएगी। इसके लिए आयोजकों ने व्यापक इंतजाम भी किए हैं। वहीं व्यापारियों की होली के लिए नगर निगम साफ-सफाई, पानी पहुंचाने की व्यवस्था में लगा हुआ है।
धूल होली से एक दिन पहले अब्दुल करीम चौराहे पर छिपैटी बाजार और आसपास के व्यापारी-दुकानदार सालों से होली खेलते चले आ रहे हैं। इस बार यह परंपरा तो कायम रहेगी, लेकिन कोरोना को देखते हुए काफी बदलाव देखने को मिलेंगे। तैयारियों में लगे सुमित गोटेवाल ने बताया कि मास्क, सैनिटाइजर का प्रयोग करते हुए ही हम सभी को होली खेलने देंगे। सभी को सैनिटाइजर और मास्क बांटे जाएंगे। वहीं चौराहे पर नाचने-गाने वाले स्थल पर फव्वारा लगाया गया है।
सभी से प्रार्थना रहेगी कि अपने स्वास्थ्य की सुरक्षा करते हुए होली खेलें। हुरियारों के लिए ठंडाई की व्यवस्था की गई है। वहीं होली खेलने के लिए टेसू के फूल और सुगंधित हर्बल गुलाल मंगाया गया है। उन्होंने बताया कि होली का कार्यक्रम जब चलेगा तो प्रयास रहेगा कि किसी को परेशानी न हो। कोई भी रास्ता बंद नहीं किया जाएगा। साफ-सफाई, ड्रम में पानी उपलब्ध कराने के लिए पार्षद कुलदीप पांडेय और हेमंत गुप्ता को जिम्मेदारी दी गई है।