60 से अधिक उम्र के व्यक्तियों एवं 45 से 59 वर्ष तक के गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों को आज सोमवार से टीका लगेगा। पहले दिन मोहनलाल गौतम महिला चिकित्सालय, पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय एवं जेएन मेडिकल कॉलेज में टीका लगाया जाएगा। पहले दिन 300 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि एक मार्च से टीकाकरण के तीसरे चरण का शुभारंभ होने जा रहा है। जल्द ही सभी सरकारी एवं आयुष्मान योजना में शामिल प्राइवेट चिकित्सालयों में भी टीकाकरण किया जाएगा। सरकारी अस्पतालों में टीका नि:शुल्क लगाया जाएगा, जबकि प्राइवेट अस्पतालों में अधिकतम 250 रुपये शुल्क लिया जा सकेगा।
डॉ. कल्याणी ने कहा कि 60 वर्ष से ऊपर एवं 45 से 59 वर्ष के गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को टीका लगवाने के लिए पहचान पत्र (वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड या पैन कार्ड) लेकर आना होगा। भीड़ होने पर परेशान होने की जरूरत नहीं है। दूसरे दिवस पर टीकाकरण कर दिया जाएगा।
विभिन्न विभागों से लिया जाएगा बुजुर्गों का डाटा
मतगणना कार्यालय, पेंशनरों एवं समाज कल्याण विभाग से वृद्धावस्था पेंशन लेने वाले लोगों का डाटा लिया जाएगा। सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि डाटा के लिए विभिन्न विभागों से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन से गाइड लाइन आने के बाद अगली तिथि की घोषणा कर दी जाएगी।