फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में दंगा कराने की किसी  में हिम्मत नहीं :योगी

Mon, 20 Nov 2017 01:40 AM IST
अमर उजाला ब्यूूराे
विज्ञापन
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी के पैर छूकर आशीर्वाद लेते मेयर प्रत्याशी डा. राजीव अग्रवाल। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
 ताला, तालीम और दंगों के लिए चर्चित रहे अलीगढ़ में निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा कि सरकार सूबे में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार के आठ माह के  कार्यकाल में कोई दंगा नहीं हुआ, वरना इससे पहले प्रदेश में कैराना जैसे दंगे हुए। वर्तमान में कोई भी दंगा कराने की हिम्मत नहीं कर सकता है। वे यहां रविवार को नुमाइश मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सपा सरकार में तो दंगाइयों को लखनऊ में बुलाकर महिमा मंडित किया जाता था। उन्होंने एक पुरानी घटना को याद करते हुए कहा कि 12 साल पहले अलीगढ़ में एक दंगा हुआ था। एक मंदिर में तोड़-फोड़ की गई थी, तब वह यहां आए थे। 
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने पूर्व सीएम कल्याण सिंह के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि कल्याण सिंह ने अलीगढ़ को पहचान दिलाई और यहां के ताला उद्योग को अपने मुख्यमंत्री के कार्यकाल में नया जीवन दिया। योगी ने तालों पर चुटकी लेते हुए कहा कि जैसे ही उनकी सरकार बनी तो उन्होंने सबसे पहला निर्णय प्रदेश के अवैध बूचड़खानों पर ताला लगवाने का लिया। इससे अलीगढ़ के ताले भी खूब बिके और अवैध बूचड़खाने भी बंद हो गए। इससे पहले की सरकारें सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी के आदेश के बाद भी अवैध बूचड़खाने बंद कराने की हिम्मत नहीं जुटा पाईं। 

योगी ने अलीगढ़ के विकास का वादा करते हुए कहा कि मेयर प्रत्याशी राजीव अग्रवाल समेत सभी पार्षद प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताएं।  उन्होंने फिर दोहराया कि सरकार किसी भी तरह का अवैध व अनैतिक कार्य नहीं होने देगी। सीएम ने आंकड़े गिनाते हुए कहा कि अभियान चलाकर अपराधियों को पकड़ा जा रहा है। पिछली सपा व बसपा की सरकारों में गुंडाराज कायम था। भय की वजह से व्यापारी प्रदेश छोड़ गए थे लेकिन अब फिर से प्रदेश में निवेश कर रहे हैं। अपने उद्योग शुरू कर रहे हैं। इससे यहां लोगों को रोजगार मिलेगा और विकास होगा। उन्होंने शहरी क्षेत्र के विकास की योजनाएं बताते हुए कहा कि सरकार तो अतिक्रमण दूर करेगी ही, लेकिन सड़क के किनारे ढकेल आदि लगाकर आजीविका चलाने वाले लोगों का भी व्यावसायिक पुनर्वास करेगी। इसके लिए अलीगढ़ में नुमाइश मैदान तो चयनित है ही। अन्य महानगरों भी यही व्यवस्था लागू करेगी। 
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि लोगों को शुद्ध पेयजल देने की व्यवस्था भी सरकार करेगी। इसी तरह आवारा गोवंश के पालन के लिए भी शुरू में महानगरों में गोशाला खोलेगी। अब महानगर एलईडी से रोशन होंगे। यह स्ट्रीट लाइट केंद्र सरकार का उपक्रम ईएलसी लगाएगी। डोर टु डोर कूड़ा उठवाया जाएगा और साथ ही अन्य व्यवस्थाएं भी दुरुस्त होंगी। कहा कि नगर निकायों में भाजपा को जिताएं, विकास के लिए पैसे की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रदेश के 13 महानगरों को स्मार्ट सिटी का दर्जा दिया है। पिछली बार अलीगढ़ में भाजपा की मेयर थीं लेकिन तत्कालीन सपा सरकार ने उन्हें काम करने का मौका नहीं दिया। अब तो केंद्र और प्रदेश सरकार विकास और बुनियादी सुविधाओं के लिए हाथ खोलकर धन खर्च कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों की कर्ज माफी योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे इस जिले के भी 78 हजार किसानों को लाभ मिला है। 

 सभा को जिला प्रभारी मंत्री सुरेश राणा, राज्य मंत्री संदीप सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम सहित जिले के सभी विधायकों, मेयर प्रत्याशी सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता इंद्र कुमार वार्ष्णेय तेल वालों ने की व संचालन मानव महाजन ने किया। इससे पहले मुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का जोशीला स्वागत किया गया। 


मुंबई की तरह होगा अलीगढ़ का विकास
मुख्यमंत्री ने तर्क दिया कि केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकारें हैं। ऐसे में यदि निकाय चुनाव में भाजपा जीतेगी तो नगरीय क्षेत्रों का काफी विकास होगा। विकास के लिए पैसे की कमी नहीं होने दी जाएगी। कहा कि अलीगढ़ अब स्मार्ट सिटी की श्रेणी में आ चुका है। अब यहां के विकास के लिए निकाय चुनाव में भाजपा के मेयर और पार्षदों का जीतना जरूरी है। इससे अलीगढ़ का लखनऊ, दिल्ली और मुंबई की तरह विकास होगा। अलीगढ़ सहित प्रदेश के सभी शहर उसी तरह जगमग होंगे, जैसे कि दीपावली पर इस बार अयोध्या जगमग हुई थी।

वन डिस्ट्रिक वन प्रोजेक्ट योजना लागू होगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सूबे में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोजेक्ट योजना लागू करेगी। इसके तहत अलीगढ़ का ताला उद्योग, आगरा का पेठा, मुरादाबाद का पीतल, फिरोजाबाद का कांच, मथुरा का पेड़ा आदि उद्योगों का विकास किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें