बरला के गांव दतावली के माजरा नगला कांती में किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने का विरोध करने को लेकर एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है जबकि पांच लोगों को अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार हैं।
बरला क्षेत्र के गांव नगला कांती लगभग एक दर्जन भर घरों का माजरा है। जिसमें सोमवार को गांव पहाड़ीपुर निवासी युवकों ने गांव की एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर दी थी। किशोरी के परिजनों ने दबंगों का विरोध किया। सोमवार की शाम करीब 7 बजे पहाड़ीपुर निवासी नवाब सिंह, हरिकेश, रामू पुत्र भूरी सिंह और सुरेश पुत्र गंगा प्रसाद लाठी-डन्डों और फर्साें से लैस होकर नगला कांती निवासी राजपाल के घर में घुस गए और दबंगाई दिखाते हुए घर मौजूद महिला और पुरुषों के साथ मारपीट की।
इसमें मीना पत्नी राजपाल, उर्मिला पत्नी सुरेश, अनिलश्री पत्नी कल्लू सिंह और राजपाल पुत्र ओमप्रकाश, सर्वेश कुमार पुत्र कल्लू सिंह और ओमप्रकाश पुत्र चेतराम को घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा।
बुधवार को इजाज के दौरान मीना पत्नी राजपाल की की मौत हो गई। बरला कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार चाहर ने बताया कि सर्वेश कुमार पुत्र कल्लू सिंह की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने हरिकेश और रामू को गिरफ्तार कर लिया है।