प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा है कि व्यावसायिक लोन पर ब्याज दर कम करने पर उनकी सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। इस बाबत केंद्र सरकार से भी संवाद होगा, ताकि उद्यमियों को सस्ती ब्याज दर पर उद्योग स्थापना के लिए लोन मिल सके। वित्त मंत्री शनिवार रात डीएस कालेज ऑडिटोरियम में लघु उद्योग भारती की ओर से आयोजित ‘युवा उद्यमी प्रोत्साहन पुरस्कार वितरण एवं परिसंवाद वर्तमान परिवेश में लघु उद्योगों की चुनौतियां’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
33 युवा उद्यमियों को सम्मानित करने के बाद उन्होंने व्यापारियों के सवालों के जवाब दिए। कहा कि 12 फीसदी जीएसटी में रखा गया देशी घी 5 फीसदी की दर पर करने, स्थानीय जॉब वर्क में जाने वाले एक लाख के माल पर ई वे बिल खत्म करने, मंडी समिति में किसानों से लिये जाने वाला मंडी शुल्क खत्म करने के सुझावों पर कैबिनेट की बैठक और जीएसटी की बैठक में विचार होगा। उन्होंने व्यापारियों की अन्य शिकायतों को भी सुना और उनको नियमों के अनुसार काम करने की ताकीद की।
इस दौरान बेवजह माल रोके जाने, अनावश्यक जुर्माना लगाने के केस भी उठे। इस पर वित्तमंत्री ने पूरे दस्तावेज सहित केस मंगवाया और संबंधित अधिकारियों को नसीहत दी कि अगर गड़बड़ी मिली तो अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। गांव के व्यापारियों के फुटकर खरीद पर ई-वे बिल नहीं होने और माल रोके जाने पर भी उन्होंने अधिकारियों को नियमों के अनुसार ही माल चेक करने को कहा। कहा कि जीएसटी की आड़ में अगर किसी अधिकारी ने व्यापारियों को परेशान किया और ये बात सच निकली तो सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। सरकार की मंशा किसी को परेशान करने की नहीं है। इस कार्यक्रम में कई प्रमुख व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने अपने मांग पत्र और सुझाव वित्तमंत्री को सौंपे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आरसी गर्ग और कुशल संचालन डा. इंदू सिंह ने किया।
कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त मंत्री ठा. रघुराज सिंह, एमएलसी ठा. जयवीर सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू, बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह, शहर विधायक संजीव राजा, कोल विधायक अनिल पाराशर, लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, बृज क्षेत्र संयोजक डा. राजीव अग्रवाल, जिलाध्यक्ष गौरव मित्तल, मुकेश जिंदल, मनोज अग्रवाल, शशि सिंह, पूर्व मेयर शकुंतला भारती, पूर्व मेयर आशुतोष वार्ष्णेय, डीएस कालेज की डा. इंदू सिंह, कार्यक्रम संयोजक योगेश गोस्वामी, तरूण सक्सेना, इंजी जगमोहन गुप्ता और उनकी टीम के सदस्य, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवराज सिंह, आरके सिंघल, अनुज वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।
मंत्री जी के वादे
1- 12 फीसदी जीएसटी में रखा गया देशी घी 5 पर करने पर विचार होगा
2- स्थानीय जॉब वर्क में जाने वाले एक लाख के माल पर ई वे बिल खत्म होगा
3- मंडी समिति में किसानों से लिया जाने वाला मंडी शुल्क खत्म करेंगे