आरोप है कि आरोपी युवक ने गांव में आकर घर के दरवाजे पर लात मारी। तब छात्रा घर पर अकेली थी। जब इसकी शिकायत युवक के परिवार वालों से की तो गाली-गलौज की गई। जान से मारने की धमकी भी दी।
अलीगढ़ में थाना क्वार्सी क्षेत्र के एक गांव की पांचवीं कक्षा की छात्रा को चार माह से परेशान कर रहे आरोपी को पुलिस ने 24 दिसंबर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के डर से छात्रा ने स्कूल तक जाना छोड़ दिया था। इस मामले में परिजनों ने सीओ से शिकायत की थी।
विज्ञापन
थाना क्वार्सी क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के अनुसार उनकी 10 साल की बेटी कक्षा पांचवीं की छात्रा है। स्कूल आने-जाने के दौरान एक युवक पिछले चार माह से छेड़खानी कर रहा था। आरोप है कि शिकायत पर इलाका पुलिस ने मामले में सुनवाई नहीं की। 23 दिसंबर को इस मामले में परिजनों ने सीओ सिविल लाइंस अभय पांडे से शिकायत की।
आरोप लगाया कि 21 दिसंबर को आरोपी युवक ने गांव में आकर उनके घर के दरवाजे पर लात मारी। तब बेटी घर पर अकेली थी। जब इसकी शिकायत युवक के परिवार वालों से की तो गाली-गलौज की गई। जान से मारने की धमकी भी दी। सीओ सिविल लाइंस अभय पांडे के आदेश पर इलाके के ही धौर्रा माफी निवासी कुलदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। क्वार्सी पुलिस के अनुसार 24 दिसंबर को आरोपी कुलदीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया ।