बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में शिक्षण कार्य का समय तय कर दिया गया है। कोरोना काल में पढ़ाई का काफी नुकसान हुआ था। अब इसकी भरपाई ज्यादा समय तक पढ़ाई कराकर की जाएगी।
कोरोना महामारी के चलते शैक्षिक सत्र 2019-2020 व 2020-2021 में नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम के तय मानक के हिसाब से पढ़ाई कम हो पाई थी। प्राथमिक विद्यालय में 133 व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 141 शिक्षण दिवस में शिक्षण कार्य हो सका है। अब प्राथमिक विद्यालय में 200 कार्य दिवस में 800 घंटे व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 220 कार्य दिवस में एक हजार घंटे पढ़ाई होगी।
इसके लिए शिक्षक को हर सप्ताह 45 घंटे पढ़ाना होगा। इसमें तैयारी के घंटे भी शामिल हैं। जिले में 1386 प्राथमिक विद्यालय, 354 उच्च प्राथमिक विद्यालय व 375 कंपोजिट विद्यालय हैं। बीएसए सतेंद्र कुमार ने बताया कि सचिव, बेसिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2022-23 के लिए आदेश जारी किए हैं। आदेश में कार्य दिवस व घंटे शामिल हैं। इससे कोरोना काल में हुए नुकसान की पढ़ाई की भरपाई हो सकेगी।