फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आम की फसल चट कर कासगंज और संभल की ओर गईं टिड्डियां

विज्ञापन
विधायक बरौली को टिड्डी दिखाते किसान। - फोटो : AMAR UJALA
विज्ञापन
शनिवार की शाम जिले में आए पाकिस्तान के टिड्डी दल ने हरदुआगंज इलाके में करीब 500 बीघे क्षेत्रफल में आम की बागवानी को भारी नुकसान पहुंचाया। आम के पेड़ों पर बैठी टिड्डियां तनों, डालियों को चट कर गईं। इनके बैठने से पेड़ों की डालियां टूटकर भी गिरीं। टिड्डी दल को भगाने के लिए लगीं टीमों का नेतृत्व करने के लिए मंडलायुक्त गौरीशंकर प्रियदर्शी रात भर हरदुआगंज क्षेत्र के गांव बरानदी मेें डेरा डाले रहे। दिन में यह टिड्डी दल अतरौली और सांकरा इलाकों में पहुंचा। शनिवार रात से रविवार को दिन भर गांव-गांव ताली, थाली, ढोल, पटाखे बजाने के साथ ग्रामीणों ने धुआं किया, जिससे टिड्डी दल कासगंज और संभल की ओर चला गया।
विज्ञापन



हरदुआगंज क्षेत्र के बरानदी व छड़ावली में करीब 500 बीघे क्षेत्रफल में आम की बागवानी है। टिड्डी दल के हमले पर कृषि विभाग व उद्यान विभाग के अधिकारी के साथ दमकल कर्मी पहुंच गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि टिड्डी दल के हमले के बावजूद कीटनाशक का छिड़काव न कर शाम से अधिकारी इस इंतजार में रहे कि टिड्डी दल अपने आप उड़ जाए। इसको लेकर ग्रामीणों की अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई।

रात करीब 11 बजे मंडलायुक्त जीएस प्रियदर्शी बरानदी पहुंच गए। तहसील व ब्लाक अधिकारियों को गांव में न देखकर फोन पर फटकार लगाई। इसके बाद एसडीएम कोल व बीडीओ धनीपुर भी गांव पहुंच गए और रात भर डटे रहे।
विज्ञापन


गांव के पंकज कुमार, मुनेश पाल सिंह तथा राकेश का आरोप है कि सड़क किनारे के पेड़ों पर कीटनाशक के छिड़काव की खानापूर्ति की गई है। आम के बागों में छिड़काव नहीं हुआ। वहीं टीम का कहना था कि दवा 96 प्रतिशत जहरीली है जिसे फसलों पर नहीं छिड़का जा सकता। रविवार सुबह साढ़े 8 बजे टिड्डी दल अतरौली की ओर निकल गया।

टिड्डी दलों से निपटने को तैयार रहें : मंडलायुक्त
अलीगढ़। अलीगढ़ के बाद मंडल के सभी जिलों में अचानक टिड्डी दलों के हमले को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। मंडलायुक्त जीएस प्रियदर्शी ने कहा कि अलीगढ़, हाथरस, कासगंज और एटा का जिला प्रशासन इसकी पूरी तैयारी रखें। ये हमला कभी भी अचानक हो सकता है। टिड्डियों के जाने के बाद भी सजग रहने की जरूरत है। जिससे भविष्य में दोबारा ऐसा हमला न हो सके। 

बोले किसान
- कृषि विभाग की टीम ने टिड्डियों के भगाने अथवा मारने की जगह खानापूर्ति की। मंडलायुक्त से शिकायत के बाद कीटनाशक का छिड़काव शुरू हुआ, वह भी सड़क किनारे। -पंकज कुमार सिंह बरानदी।

- यदि कृषि व उद्यान विभाग की टीम दमकल कर्मियों की मदद से कीटनाशक का सही मात्रा के साथ छिड़काव करवा देती तो शायद अधिकांश टिड्डियां मर गई होतीं। -मुनेश पाल सिंह, बरानदी।

- टिड्डियों ने आम के बागों में बड़ा नुकसान पहुंचाया है। आम के पेड़ों को बुरी तरह से नोच डाला है। अगले साल इन पेड़ों पर बौर आना भी मुश्किल है। -राकेश कुमार, बरानदी।


भवीगढ़ से अतरौली, दीनापुर-सांकरा होते हुए गुजरा टिड्डी दल
पाकिस्तान से आए टिड्डी दल ने काली नदी के पास रात्रि में प्रवास किया। रविवार की सुबह खेत, पेड़ व भवनों पर लोगों ने टिड्डी दल को देखा तो होश उड़ गए। अतरौली के गांव भवीगढ़, चैंडौला सुजानपुर में सुबह से ही किसान ताली, थाली, धुआं व अन्य ध्वनि यंत्रों के साथ टिड्डी दल को उड़ाने में जुट गए। एसडीएम पंकज कुमार ने लेखपालों को उनके क्षेत्रों में सुबह ही रवाना किया ताकि किसानों को इस बात की जानकारी दी जा सके।

कदौली, खैराबाद, हैबतपुर, बहादुरपुर, अतरौली, नहल, बीसनपुर वाहनपुर, कल्याणनगर, हरदोई, पनेहरा, मऊपुर, पीपली, पालीमुकीमपुर, रामपुर चंदियाना, दीनापुर, टोडरपुर, रायपुर खास गांवों से होते हुए टिड्डी दल दोपहर करीब 12 बजे सांकरा पहुंचा। नहल के पूर्व प्रधान जगवीर सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीरज यादव, हरदोई के सीपी राना, नगलिया खैराबाद के प्रधान पति विनोद कुमार, वकील नवाब सिंह ने बताया कि टिड्डियों का यह नजारा पहली बार देखा।

एसडीएम पंकज कुमार के अनुसार गनीमत रही कि फसलों और बागों में नुकसान की सूचना नहीं है। ग्रामीणों के सहयोग से सांकरा गंगा के रास्ते टिड्डी दल को जिले की सीमा से बाहर करने में प्रशासन सफल रहा।

सांकरा में कनस्तर, बाल्टी बजाकर भगाया टिड्डी दल
थाना दादों के सांकरा क्षेत्र में रविवार की सुबह पहुंचे टिड्डी दल को ग्रामीणों ने बाल्टी, कनस्तर बजाते खेतों, पेड़ों पर बैठने नहीं दिया। एसडीएम अतरौली पंकज कुमार व एसओ यावर अब्बास भी पहुंच गए। सांकरा के प्रधान ब्रजेश यादव व पूर्व प्रधान दिनेश यादव ने भी ग्रामीणों के साथ तेज आवाज कराने में सहयोग किया।

सांकरा आते ही तेज शोर के चलते टिड्डी दल कासगंज की ओर निकल गया। एडीएम वित्त विधान जायसवाल ने भी क्षेत्र का दौरा किया। बताया कि टिड्डियां यहां से दो दल में बंट गईं, जिनमें एक दल संभल की ओर निकल गया। 

टिड्डियों से प्रभावित गांवों का विधायक  ने किया दौरा
अलीगढ़। विधायक दलवीर सिंह अपनी टीम के साथ सुबह सात बजे प्रभावित गांव छिड़ावली, बरानदी, दाउदपुर, हरदुआगंज, बरौठा आदि का दौरा करने निकले। किसानों से बातचीत कर फसलों का हाल जाना।

उन्होंने फसलों को हुए नुकसान के बारे में उप जिलाधिकारी एवं जिला कृषि अधिकारी को अवगत कराया। लेखपाल एवं कानूनगो को नुकसान का सर्वे करने का निर्देश दिया गया है। विधायक ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों की हर संभव मदद करेगी। दौरे में  विधायक प्रवक्ता सुशील गुप्ता, शुभम गोयल, सुनील शर्मा, दिलीप सिंह, गुड्डू प्रधान, अरविंद, विपिन कुमार आदि मौजूद थे।
विज्ञापन

अतरौली में टिड्डी भगाते किसान। - फोटो : AMAR UJALA
अतरौली में टिड्डी भगाते किसान।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें