अतरौली डिपो की रोडवेज बस में अवैध मशीन से टिकट काटे जाने का मामला प्रकाश में आने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। बीते नवंबर माह का ही आंकड़ा देखें तो 227 बेटिकट यात्रियों को प्रवर्तन टीम ने चेकिंग के दौरान पकड़ा। साथ ही 2200 पैकेट अवैध लगेज के पकड़े गए। इन मामलों में प्रवर्तन टीम ने नियमानुसार किराए के सापेक्ष 10 गुना जुर्माना राशि वसूलते हुए 99698 रुपये निगम के खाते में दर्ज कराए हैं।
अलीगढ़ रीजन के एआरएम वित्त यूपी सिंह ने बताया कि नवंबर माह में 7805 बसों को चेक किया गया। बुद्ध विहार डिपो की बसों में 36 सवारियां बेटिकट पाई गईं। 200 अवैध लगेज के मामले पकड़े गए। इसके बाद एटा डिपो की बसों में सबसे अधिक 30 सवारियों के बेटिकट पकड़े जाने का मामला सामने आया। कासगंज डिपो की बसों में 16, अतरौली डिपो की बस में 11, नरौरा डिपो की में 10, हाथरस डिपो की में 10, अलीगढ़ डिपो में 19 मामले बेटिकट यात्रियों के पकड़ में आए। क्षेत्रीय प्रबंधक की टीम ने औचक प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान 95 बेटिकट यात्री पकड़े।